खेल

BCCI कर रही मोहम्मद शमी की वापसी की तैयारी! 2027 वर्ल्ड कप में खेलने पर भी आया अपडेट

मोहम्मद शमी बहुत जल्द भारतीय टीम में वापस आ सकते हैं. इस समय शमी भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट में लगातार जलवा बिखेर रहे हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं. एक मीडिया रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि BCCI ने शमी के डोमेस्टिक प्रदर्शन पर करीब से नजर बना रखी है.

एनडीटीवी में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक एक BCCI अधिकारी ने बताया कि बोर्ड ने शमी के डोमेस्टिक प्रदर्शन पर नजर बनाई हुई है और अब उनकी वापसी की संभावना बढ़ती दिख रही है.

2027 ODI वर्ल्ड कप खेलेंगे मोहम्मद शमी!

रिपोर्ट में बताया गया कि मोहम्मद शमी के नाम पर BCCI में नियमित चर्चा हो रही है और वो अभी दौड़ से बाहर नहीं हुए हैं. चिंता सिर्फ उनकी फिटनेस को लेकर बनी हुई है. सूत्र ने बताया, “उनकी जैसी क्षमता वाला गेंदबाज विकेट जरूर लेगा. ये कहना गलत होगा कि वो टीम के अंदर चयन की दौड़ से बाहर हो गए हैं. वो न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में चयन के लिए अच्छी स्थिति में लग रहे हैं. अनुभव और विकेट लेने की क्षमता को देखते हुए टीम में उनका सेलेक्शन होना कोई चौंकाने वाली बात नहीं होगी. 2027 वर्ल्ड कप में उनका चयन भी पूरी तरह संभव है.”

मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था. चैंपियंस ट्रॉफी में शमी भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे. उन्होंने और वरुण चक्रवर्ती ने टूर्नामेंट में 9 विकेट लिए थे. इसके बावजूद शमी उसके बाद टीम इंडिया के लिए कोई मैच नहीं खेल पाए हैं. वो विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मिलाकर पिछले 6 मैचों में 17 विकेट ले चुके हैं.

पिछले कुछ महीनों में शमी को लेकर खूब विवाद भी हुआ है. दरअसल उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से ड्रॉप होने के बाद स्टेटमेंट में कहा था कि चयनकर्ताओं को फिटनेस के बारे में जानकारी देना उनका काम नहीं है. दूसरी ओर टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि शमी फिट होते तो उन्हें इंग्लैंड दौरे पर जाने का मौका अवश्य मिलता.

यह भी पढ़ें:

बिग बैश लीग से बाहर हुए शाहीन अफरीदी, 2026 टी20 वर्ल्ड कप भी खेलना मुश्किल; आ गया ताजा अपडेट

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button