Kanpur Crime News: शादी से खुश नहीं था दामाद, ससुर की हत्या के लिए 6 लाख की दी सुपारी, अस्पताल में कराया मर्डर; अब हुआ गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी दामाद मोहित को अरेस्ट किया.
कानपुर के जेके कैंसर अस्पताल में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जेके कैंसर अस्पताल परिसर में पिछले दिनों अधेड़ किसान राजकुमार सिंह राजावत की चाकू गोदकर की गई हत्या उनके अपने दामाद मोहित तोमर ने की थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. मृतक राजकुमार सिंह राजावत पिछले एक महीने से अपनी पत्नी का कैंसर इलाज कराने कानपुर आए थे. वे अस्पताल के पास ही ठहरे हुए थे.
कानपुर पुलिस के अनुसार, राजकुमार और उनके दामाद मोहित तोमर के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. शादी से खुश नहीं मोहित आए दिन ससुर से झगड़ा करता था. हाल ही में विवाद इतना बढ़ गया कि ससुर ने उसे जेल भिजवाने की धमकी दे डाली. इससे नाराज मोहित ने ससुर की हत्या के लिए छह लाख रुपए में सुपारी किलर को कॉन्ट्रैक्ट दिया, जिन्होंने राजकुमार की हत्या कर दी.
शादी से खुश नहीं था दामाद मोहित
पुलिस पूछताछ में मोहित ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह शादी से बेहद नाखुश था और ससुर के साथ-साथ अपने साले की हत्या की भी योजना बना रहा था. साले पर शक था कि वह ससुर का पक्ष लेता है और विवाद बढ़ाता है, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उसकी दूसरी साजिश को नाकाम कर दिया.
दामाद ने अपना गुनाह कबूल किया
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि यह एक पारिवारिक रंजिश का मामला है. आरोपी मोहित तोमर ने गुस्से में आकर ससुर राजकुमार सिंह राजावत की हत्या की योजना को अंजाम दिया. पूछताछ में उसने साले की हत्या की साजिश भी कबूल की. हमने उसे हिरासत में लेकर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान से वारदात की पुष्टि हो चुकी है.
सास से मिलने आए ससुर, तब दामाद ने कराया मर्डर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोहित ने हत्या के लिए सुपारी किलर को कॉन्ट्रैक्ट देने की भी बात कही. यह कॉन्ट्रैक्ट छह लाख रुपए में दिया गया था. अस्पताल परिसर में यह घटना उस समय हुई, जब राजकुमार अपनी पत्नी से मिलने आए थे. वारदात के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई थी. मामले की जांच जारी है. पुलिस आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों की जांच-पड़ताल कर रही है.

