उत्तर प्रदेशभारत

श्रावस्ती: 100 साल पुरानी दुकानों-मकानों पर चला बुलडोजर, 20 से ज्यादा ध्वस्त… भिनगा में एक्शन

श्रावस्ती: 100 साल पुरानी दुकानों-मकानों पर चला बुलडोजर, 20 से ज्यादा ध्वस्त... भिनगा में एक्शन

बुलडोजर एक्शन

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिला मुख्यालय भिनगा में आज प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. PWD की जमीन पर बने दर्जनों दुकानों और मकानों पर बुलडोज़र चलाया गया. प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और 8 बुलडोजर, एक पोकलैंड मशीन लगाकर सभी दुकानों और मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी. कार्रवाई को लेकर लोगों में खौफ और हड़कंप मच गया. कई दुकानदारों ने प्रशासन की सख्ती देखते हुए देर रात ही अपनी दुकान और मकान खाली कर दिए थे.

श्रावस्ती के जिला मुख्यालय भिनगा में आज PWD की जमीन पर दशकों से अवैध रूप से कब्ज़ा किए लोगों की दुकानों और मकानों पर बुलडोजर एक्शन हुआ. हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल और प्रशासनिक टीम तैनात रहीं. प्रशासन ने 4 और 5 अगस्त को दुकानदारों को दस्तावेज पेश करने का आदेश दिया था, लेकिन नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया.

ईदगाह तिराहे के पास की गई कार्रवाई

इसके बाद आज, मंगलवार सुबह से बुलडोजर चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी गई. यह कार्रवाई ईदगाह तिराहे के पास की गई, जहां लंबे समय से ट्रैफिक जाम और जनहित की समस्या बनी हुई थी. कार्रवाई के चलते करोड़ों की संपत्तियों पर संकट खड़ा हो गया है. कई लोग मजबूरी में खुद ही अपने मकानों और दुकानों को तोड़ने में लगे हैं. प्रशासन ने साफ कर दिया कि सड़क चौड़ीकरण और जनहित सबसे ऊपर है. इसलिए अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

20 से ज्यादा दुकानों और मकानों पर एक्शन

इससे पहले भी इन दुकानों और मकानों को खाली करने का आदेश जारी किया गया था, लेकिन उसका पालन नहीं किया गया. इस बार प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया. वहीं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए सभी को नोटिस जारी किया गया, लेकिन किसी ने भी अपना अवैध कब्जा नहीं हटाया, जिसको लेकर आज 85 मीटर के अंदर 20 से ज्यादा दुकानों और मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है. हालांकि, जिन लोगों के मकान ध्वस्त हो रहे है. उन्हें आशियाना योजना के तहत मकान भी दिए जाएंगे.

(रिपोर्ट- अम्मार रिजवी)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button