उत्तर प्रदेशभारत

जिन 5 सीटों पर सपा ने उतारे उम्मीदवार वहां कांग्रेस का रहा है बुरा हाल, चौथा स्थान ही रहा बेस्ट

UP: जिन 5 सीटों पर सपा ने उतारे उम्मीदवार वहां कांग्रेस का रहा है बुरा हाल, चौथा स्थान ही रहा बेस्ट

राहुल गांधी और अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है. लेकिन इससे पहले ही सपा ने अपने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी ने सहारनपुर, बेहट, कैराना, अमरोहा और ललितपुर सीट से प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं. इनमें 4 सीटों पर सपा के विधायक हैं, जबकि ललितपुर सीट पर बीजेपी का कब्जा है.

दरअसल, गठबंधन में कांग्रेस कम से कम 100 सीटों से ज्यादा की मांग कर रही है. जबकि बीते दिन सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर कर दी. इस बीच सपा की इस सूची ने सीट शेयरिंग की बातचीत को दिलचस्प बना दिया है. खासकर सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस दावेदारी कर रही थी, लेकिन सपा ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं.

इमरान मसूद के गढ़ में सपा ने उतारे उम्मीदवार

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी लिस्ट में सहारनपुर, जो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का गढ़ माना जाता है, वहां से आशु मलिक को टिकट दिया गया है. सहारनपुर की ही बेहट सीट से उमर अली खान को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. इसके अलावा शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा क्षेत्र से महबूब अली और ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है. इनमें चार मौजूदा विधायक हैं, जबकि ललितपुर से ज्योति लोधी को मौका दिया गया है.

सहारनपुर और बेहट सीट पर सपा का उम्मीदवार उतारना इमरान मसूद के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. इमरान मसूद यूपी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष होने के साथ सहारनपुर से लोकसभा सांसद भी हैं. इमरान मसूद बेहट और सहारनपुर देहत सीट पर अपने समर्थकों को उतारना चाहते थे, देहात से शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने की बात भी कह चुके थे.

इन 5 सीटों पर कांग्रेस का पिछला प्रदर्शन कैसा रहा?

इन पांच सीटों पर साल 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजे देखें तो, यह साफ तौर पर कांग्रेस के लिए निराशाजनक थी. पांच में चार सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार चौथे स्थान पर थे, जबकि एक में तो वह पांचवें नंबर पर रही. जबकि समाजवादी पार्टी ने चार सीटों सहारनपुर देहात, बेहत, कैराना और अमरोहा पर जीत हासिल की थी. वहीं, ललितपुर सीट बीजेपी के खेमें में गई थी.

शामली की कैराना सीट पर सपा के नाहिद हसन ने जीत दर्ज की थी, उन्हें चुनाव में 1,31,035 वोट मिले थे. जबकि दूसरे स्थान पर बीजेपी की मृगांका सिंह 1,05,148 वोट मिले. जबकि BSP के राजेंद्र और कांग्रेस उम्मीदवार अखलाक क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर रही. BSP को 2,077 वोट जबकि कांग्रेस को 1,522 वोट मिले थे.

अमरोहा सीट पर सपा के महबूब अली ने जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी उम्मीदवार राम सिंह दूसरे स्थान पर रहे थे. महबूब अली को 1,28,735 वोट और राम सिंह को 57,699 वोट मिले. वहीं, BSP के नावेद अयाज 34,585 वोटों के साथ तीसरे और कांग्रेस के सलीम खान 846 वोट पाकर चौथे नंबर पर थे.

सहारनपुर देहात सीट पर सपा के आशु मलिक ने 1,07,007 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी. बीजेपी के जगपाल सिंह को 76,262 वोट, बीएसपी के अजब सिंह को 62,637 वोट, AIMIM के मरगूब को 8,187 वोट और पांचवें पायदान पर रहे कांग्रेस के संदीप कुमार को 1,217 वोट मिले थे.

सहारनपुर की बेहट सीट पर भी सपा के ही उमर अली खान को जीत मिली थी, उन्हें कुल 1,34,513 वोट मिले. दुसरे नंबर पर बीजेपी के नरेश सैनी को 96,633 वोट, तीसरे नंबर पर BSP के रईस मलिक को 45,075 वोट और कांग्रेस के पूनम कंबोज चौथे स्थान पर रहे, उन्हें कुल 1,632 वोट प्राप्त हुआ था.

ललितपुर विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में बीजेपी के रामरतन कुशवाहा ने जीत हासिल की थी. उनको 1,76,550 वोट मिले थे. दूसरे स्थान पर BSP के चंद्र भूषण सिंह बुंदेला ‘गुड्डू राजा’ को 69,335 वोट मिले. जबकि सपा के रमेश प्रसाद और कांग्रेस प्रत्याशी बलवंत सिंह राजपूत तीसरे और चौथे स्थान पर थे. सपा को 68,597 वोट और कांग्रेस को 3,920 वोट मिले थे.

रति रमण मिश्रा

रति रमण मिश्रा

रति रमण पिछले 2 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. राजनीतिक, सामाजिक और खेल संबंधी मुद्दों पर लिखते और बोलते रहते हैं. साहित्य पढ़ने में रुचि है.

भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद एबीपी न्यूज से अपने करियर की शुरुआत की. साल भर एबीपी लाइव में काम करने के बाद अब टीवी9 के साथ काम करने का मौका मिला है. यहां बतौर sub-editor डिजिटल टीम के साथ जुड़े हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button