उत्तर प्रदेशभारत

हरिद्वार के किस घाट पर होगा CM योगी की मां का अंतिम संस्कार, कौन-कौन पहुंचेगा? जानें पूरी डिटेल

हरिद्वार के किस घाट पर होगा CM योगी की मां का अंतिम संस्कार, कौन-कौन पहुंचेगा? जानें पूरी डिटेल

CM योगी आदित्यनाथ ने पौड़ी गढ़वाल में मां के अंतिम दर्शन किए.

Haridwar News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली. मां के निधन की खबर मिलते ही सीएम योगी अपने पैतृक गांव पहुंचे और अंतिम दर्शन किए. अब हरिद्वार के चंडी घाट पर शनिवार सुबह 10 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी की जा रही हैं. उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में नीलधारा गंगा के तट पर स्थित चंडी घाट के श्मशान घाट में किया जाएगा. इस दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई बड़े नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के शामिल होने की संभावना है. अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे.

ये भी पढे़ं- मां जैसी दौलत कहां किसी के पास होती है CM योगी की मां के निधन पर आजम खान ने जताया दुख

चंडी घाट पर प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन अलर्ट है. चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं. अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलिकॉप्टर से हरिद्वार पहुंचेंगे. उनके हेलिकॉप्टर को चंडी घाट के पास कांगड़ी गांव में उतारने की व्यवस्था की जा रही है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

दोनों डिप्टी सीएम समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई मंत्री शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा बीजेपी संगठन के कई पदाधिकारियों और दिल्ली से भी कई नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है. उत्तराखंड सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे. पूर्व मुख्यमंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

मोहन भागवत के भी पहुंचने की संभावना

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के भी सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना है. बताया जा रहा कि वह शांतिकुंज के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरिद्वार पहुंच चुके हैं. उनका रात्रि विश्राम भी शांतिकुंज में ही प्रस्तावित है. ऐसे में उनके चंडी घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.

मां के अंतिम दर्शन करने पहुंचे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हुआ. उन्होंने पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे. यहां उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन किए. इस दौरान उत्तराखंड सरकार में मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे.

CM धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है. उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. सीएम धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने बाबा केदार से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.

सुनील पांडे

सुनील पांडे

पत्रकारिता के क्षेत्र में 41 वर्षों का अनुभव है. देश के विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों में लेखन का कार्य कर चुके हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button