अब चुनाव नहीं इंकलाब होगा… जेल से बाहर आते ही आजम खान के तीखे तेवर


आजम खानImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान आज 18 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए. इसके बाद उनका पहला बयान आया, जिसमें उन्होंने कहा कि जो संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, उनको आज बधाई. उन्होंने कहा कि कोर्ट पर मुझे पूरा विश्वास है, देश आजाद है संविधान कैद है. आजम खान ने आगे कहा कि अब चुनाव नहीं इंकलाब होगा, बदलाव नहीं होगा अब सैलाब होगा.
उन्होंने कहा, ‘ हम जैसे लोगों को बल मिला है, न्याय मिला है. हम जेसे कमजोर लोगों को आत्महत्या न करने का बल मिला है. हम इंसान हैं और इंसानों की तरह जीना चाहते हैं’.
जेल के बाहर जमा हुए थे 600 से ज्यादा समर्थक
शाम करीब 4.30 बजे जेल में रिहाई वारंट पहुंचने के बाद सारी फॉर्मैलिटी पूरी होने के बाद आजम खान को रिहा किया गया. इस दौरान समर्थकों ने ‘आजम खान जिंदाबाद’ के नारे लगाकर उनका स्वागत किया और उनकी काली SUV को घेर लिया और उनसे हाथ मिलाने की होड़ में लग गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके स्वागत के लिए जेल के बाहर 600 से ज्यादा समर्थक जमा हुए थे.
आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम और अदीब उन्हें लेने के लिए आए थे. अदीब ने इस मौके को परिवार के लिए ईद बताया, जबकि अब्दुल्ला ने कहा कि टाइगर वापस आ गया है.
इलाहाबाद HC के अंतरिम बेल ऑर्डर के बाद हुई रिहाई
आजम खान 17 नवंबर, 2025 से डबल पैन कार्ड केस में जेल में बंद थे. हालांकि वह 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से कुछ समय के लिए बाहर आए थे, लेकिन फिर उन्हें मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े एक अलग केस में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी (ED) ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया था. बाद में उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल में शिफ्ट कर दिया गया था. उनकी हालिया रिहाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम बेल ऑर्डर के बाद हुई है.
ED ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
इस बीच ED ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और आजम खान को मिली राहत को चुनौती दी और तत्काल सुनवाई की मांग की. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत विचार करने की उनकी रिक्वेस्ट को मना कर दिया. दावा किया जा रहा है कि जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने ED की अर्जी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘जल्दी क्या है? आसमान नहीं गिरेगा. उन्हें अंतरिम बेल पर रहने दें’. अब इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होनी है.
ये भी पढ़ें: कानून के सामने न पक्ष न विपक्ष, दोषी पाए जाने पर बख्शे नहीं जाएंगे… सिमडेगा रेपकांड पर बोले CM हेमंत सोरेन





