आतंकवाद को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब… UP पुलिस की क्षमता बढ़ाएगी NSG, लखनऊ में संयुक्त ट्रेनिंग


मुख्यमंत्री योगी के साथ यूपी पुलिस और NSG अफसर
Image Credit source: TV9
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन्स में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए एक संयुक्त क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस पहल का उद्देश्य आतंकवाद-रोधी तैयारियों, परिचालन दक्षता और सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना है.
इस अवसर पर NSG के IG (ऑपरेशंस) मेजर जनरल मुकेश कुमार भनवाला ने अहम जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भारत सरकार की प्रहार नीति के तहत NSG देश की प्रमुख आतंकवाद निरोधी फोर्स के रूप में काम करती है. NSG की जिम्मेदारी आतंकवादी घटनाओं के दौरान ऑपरेशन चलाने के साथ-साथ राज्यों की पुलिस और दूसरी शुरुआती प्रतिक्रिया देने वाली एजेंसियों की क्षमता बढ़ाना भी है.
सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल होगा बेहतर
मेजर जनरल भनवाला ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक नया कदम है. इसमें NSG ने यूपी पुलिस और ATS के साथ मिलकर संयुक्त प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास और प्रशिक्षण से आतंकवादी हमलों जैसी चुनौतीपूर्ण स्थितियों से निपटने में पुलिस की तैयारी और अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर होगा.
देश की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर, केंद्र और राज्य सरकारों की नीति बिल्कुल स्पष्ट है. अपराधियों को कोई छूट नहीं, आतंकवादियों को कोई मौका नहीं, और देश की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं. उन्होंने कहा कि NSG और UP पुलिस का यह संयुक्त प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई ताकत और नई दिशा देगा.
भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेना सीमाओं पर अभियान चलाती है, जबकि पुलिस, एटीएस (ATS) और एनएसजी (NSG) देश के भीतर आतंकी साजिशों को नाकाम करते हैं और देशद्रोहियों को बेअसर करते हैं. हमारा लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है. हमें एक ऐसी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करनी होगी जो तकनीकी रूप से उन्नत हो, रणनीतिक रूप से सटीक हो, जिसमें बेहतर तालमेल हो और जो अपने कार्यों में निर्णायक हो. एक सुरक्षित भारत ही एक मजबूत भारत की नींव है.





