उत्तर प्रदेशभारत

चोरी में नाकाम होने पर दंपति की हत्या, फिर महिला के शव के साथ दुष्कर्म; पुलिस ने किया ये हाल

UP: चोरी में नाकाम होने पर दंपति की हत्या, फिर महिला के शव के साथ दुष्कर्म; पुलिस ने किया ये हाल

पुलिस अधिकारी

Kannauj double murde Case: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में चार नवंबर की रात हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में चोरी के इरादे से घर में घुसे आरोपी ने पकड़े जाने के डर से पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. आरोप है कि महिला की हत्या के बाद आरोपी ने उसके शव के साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, घर में मौजूद मासूम बच्ची को भी उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर रविवार को मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने रविवार को पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश राजपूत उर्फ पंगा के रूप में हुई है. वह तालग्राम थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, चार नवंबर की रात आरोपी चोरी के इरादे से गुरसहायगंज क्षेत्र में रहने वाले संजीव के घर में ऊपर के रास्ते से दाखिल हुआ था.

हत्या के बाद किया दुष्कर्म

इसी दौरान घर में मौजूद संजीव और उनकी पत्नी की नींद खुल गई. खुद को पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उन पर डंडे से हमला कर दिया और फिर गला दबाकर दोनों की हत्या कर दी. एसपी के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने महिला के शव के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद उसने घर में मौजूद मासूम बच्ची को भी उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

दोहरी हत्या और बच्ची पर हमले की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं. जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.

मुठभेड़ में आरोपी घायल

रविवार को गुरसहायगंज क्षेत्र के कसारी जंगल में पुलिस की संयुक्त टीमों ने आरोपी को घेर लिया. इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई. घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. एसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस जघन्य वारदात के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी है. वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्ची की स्थिति और आगे की जांच को लेकर भी लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर बनी हुई है.

अमित कुमार मिश्रा

अमित कुमार मिश्रा

अमित मिश्रा को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 14 वर्षों का अनुभव है. अमित की शुरुआत इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से हुई थी लेकिन आगे इन्होंने मीडिया के सभी प्रकार के प्लेटफॉर्म से जुड़कर काम का अनुभव लिया. इन्होंने इलेक्ट्रॉनिक के साथ-साथ प्रिंट और डिजिटल में भी काम किया. क्राइम स्टोरी हो, सॉफ्ट या फिर कोई दिलचस्प खबर… उसकी महत्वता को समझते हुए हमेशा संपूर्ण समर्पण के साथ उसे रिपोर्ट करना प्राथमिकता रही.

अमित ने कन्नौज से ग्रेजुएशन किया. घूमने और नई चीजों को जानने का शौक रखते हैं. राजनीत के साथ-साथ उसके आसपास घटित होने वाली छिपी हुई कहानियों को निकालने इनकी दिलचस्पी रही है. ये आदत इन्हें अन्य से अलग और खास बनाता है.

पत्रकारिता में 2010-11 में ईटीवी के साथ पारी की शुरुआत की. इसके बाद 2012 में समाचार प्लस के लिए रिपोर्टर कन्नौज के तौर पर जुड़े. 7 साल तक समाचार प्लस में बिताने के बाद आर9 टीवी में 1 साल काम किया. इस दौरान प्रिंट मीडिया के कई प्लेटफार्म पर लिखते रहे. इसके बाद वो डिजिटल की तरफ आगे बढ़े और TV9 ग्रुप से जुड़े.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button