यूपी में सीटों को लेकर NDA में हलचल, संजय निषाद ने BJP अध्यक्ष के सामने रखी ये मांग


संजय निषाद ने नितिन नबीन से की मुलाकात.Image Credit source: Facebook
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर NDA के भीतर सीटों की सियासत तेज हो गई है. इसी कड़ी में यूपी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन के गोरखपुर दौरे के दौरान संजय निषाद के आवास पर ही इस मुलाकात की रूपरेखा तय हुई थी.
सूत्रों के अनुसार, मुलाकात के दौरान संजय निषाद ने भाजपा को संभावित सीटों की सूची भी सौंपी है. निषाद पार्टी की नजर उन सीटों पर है, जहां भाजपा अब तक जीत दर्ज नहीं कर सकी है.
इस बार संजय निषाद की सीटों को लेकर दावेदारी पिछली बार के मुकाबले ज्यादा है. पूर्वांचल के साथ-साथ ब्रज और पश्चिमी यूपी की सीटों पर भी निषाद पार्टी ने दावा पेश किया है.
भीतरघात करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई
मुलाकात के बाद संजय निषाद ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की.
पोस्ट में कहा गया कि इस दौरान उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों एवं आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. इस दौरान निषाद ने उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन को कमजोर करने वाले नेताओं तथा गठबंधन के भीतरघात करने वालों के विषय में भी अपनी बात रखी. इस पर नितिन नबीन ने भीतरघात करने वाले नेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए.
3 विधायकों को लेकर शिकायत, टिकट पर संकट के संकेत!
सूत्रों के मुताबिक, संजय निषाद ने मुलाकात के दौरान तीन विधायकों को लेकर नितिन नबीन से शिकायत भी की है. माना जा रहा है कि इन शिकायतों का असर संबंधित विधायकों के आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट पर पड़ सकता है. बता दें कि इससे पहले यूपी के दौरा के दौरान नितिन नबीन ने संजय निषाद से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी.





