दिल्ली में धुंध की चादर… UP-बिहार में हल्की ठंड, 6 राज्यों में होगी बारिश; जानें हिमाचल समेत 13 राज्यों का हाल


आज का मौसम
Aaj Ka Mausam: नवंबर के दूसरे सप्ताह में देशभर के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. जहां उत्तर भारत में तापमान में गिरावट की वजह से सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जाने लगी है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आज यानी 9 नवंबर को भी दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं और बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है. कई इलाकों में AQI का लेवल 400 को क्रॉस कर गया है. दिवाली पर हुई भारी आतिशबाजी के बाद दिल्ली में धुआं और धुंध देखने को मिल रही है. राजधानी में मौसम की बात करें तो आज मध्यम कोहरा छाए रहने की बात आईएमडी ने कही है. 14 नवंबर तक दिल्ली में हल्का या मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. वहीं आज अधिकतम 29 और न्यूनतम 16 डिग्री तापमान रह सकता है.
यूपी-बिहार और झारखंड का मौसम
यूपी में एक हफ्ते मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. हालांकि, लगातार गिरते तापमान की वजह से ठंड में इजाफा हो सकता है. बिहार में आज सुबह के वक्त कई इलाकों में धुंध छाई रह सकती है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा. अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. किसी भी जिले में बारिश या आंधी को लेकर चेतावनी नहीं है. झारखंड में सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है. 15 नवंबर तक झारखंड के अधिकतम जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, संताल परगना के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
राजस्थान में आज मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की संभावना है. कहीं भी बारिश नहीं होगी. सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है. 15 नवंबर तक राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मध्य प्रदेश में आज सभी जिलों में आसमान साफ रहेगा. किसी भी जिले में आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरेगा, जिससे सर्दी का अहसास बढ़ता जाएगा. पश्चिम भारत में भी मौसम की गतिविधियां अगले एक हफ्ते नहीं होंगी.
दक्षिण भारत में बारिश
दक्षिण भारत में मौसम सक्रिय है. IMD के अनुसार, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 14 नवंबर तक इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश समेत इन इलाकों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है. कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी इलाकों का क्या है हाल?
हिमाचल प्रदेश में आज और कल मौसम साफ रहेगा. राज्य में 11 नवंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा. इसके प्रभाव से अगले चार दिन तक पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है. उत्तराखंड में 10 नवंबर और फिर 13 से 14 नवंबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर में 10 से 14 नवंबर के बीच कई इलाकों में व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें: दिवाली के बाद धुंध की मोटी परत में लिपटी दिल्ली, गंभीर श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण; AQI 400 पार!





