उत्तर प्रदेशभारत

स्कूल से आते ही छात्रा ने क्यों खाया जहर? आजमगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, FIR

स्कूल से आते ही छात्रा ने क्यों खाया जहर? आजमगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, FIR

परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में विद्यालय में कथित प्रताड़ना से परेशान 14 साल की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई. सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर की रहने वाली छात्रा ने शुक्रवार रात मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और एक शिक्षक पर फीस समेत अन्य मामलों को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पुलिस को इस मामले में नामजद तहरीर दी गई है.

परिजनों के अनुसार, छात्रा विद्यालय में हो रही प्रताड़ना से परेशान थी. आरोप है कि फीस सहित अन्य मुद्दों को लेकर प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और शिक्षक रिंकू उसे परेशान करते थे. इसी से तंग आकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई.

अस्पताल में भर्ती छात्रा का वीडियो वायरल

इस घटना के बाद अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वीडियो में छात्रा विद्यालय के कुछ लोगों को गलत बताते हुए प्रधानाचार्य और एक शिक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाती दिखाई दे रही है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों की चर्चा तेज हो गई है. परिजनों का कहना है कि छात्रा विद्यालय में होने वाली कथित प्रताड़ना से मानसिक रूप से परेशान थी. उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

प्रधानाचार्य और शिक्षक के खिलाफ तहरीर

सिधारी थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के चाचा की ओर से प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और शिक्षक रिंकू के खिलाफ नामजद तहरीर मिली है. मामले में आरोपी शिक्षक से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है. छात्रा की मौत के बाद परिजनों में शोक है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विद्यालय में प्रताड़ना के आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है.

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की.

डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही ‘न्यू मीडिया’ की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button