उत्तर प्रदेशभारत

कोलकाता से ग्वालियर तक, बलरामपुर से हैदराबाद तक… नवरात्रि के बीच 24 घंटे में 4 बड़े हादसे, जिनमें छिन गईं 37 जिंदगियां

कोलकाता से ग्वालियर तक, बलरामपुर से हैदराबाद तक… नवरात्रि के बीच 24 घंटे में 4 बड़े हादसे, जिनमें छिन गईं 37 जिंदगियां

4 भीषण हादसों में 37 लोगों की मौत.

Navratri 4 Tragic Accidents: देश भर में एक तरफ जहां नवरात्रि और दुर्गा पूजा का पावन पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा था. वहीं बीते 24 घंटे में चार अलग-अलग राज्यों से सामने आई भीषण दुर्घटनाओं ने खुशियों को चीख-पुकार और मातम में बदल दिया. पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर और तेलंगाना के हैदराबाद से आई दर्दनाक खबरों में अब तक 37 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 78 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सुरक्षा इंतजामों में चूक, तेज रफ्तार और अचानक आई प्राकृतिक आपदाओं ने कई हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया.

महासप्तमी की शाम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सबसे खौफनाक खबर सामने आई. शनिवार शाम करीब 7:40 बजे उत्तर कोलकाता के प्रसिद्ध चोरबागान सर्वजनिन पूजा पंडाल में भारी भीड़ उमड़ी थी. मूसलाधार बारिश के दौरान अचानक पंडाल का एक हिस्सा ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई. इस भीषण भगदड़ में दबने से 19 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें 13 महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल है. 25 से अधिक घायल कोलकाता मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं.

मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने अस्पताल का दौरा कर मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये व एक सरकारी नौकरी और घायलों को 5-5 लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया है.

ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसा: बेकाबू ट्रक ने ली 14 श्रद्धालुओं की जान

मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर की चौखट पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे भीषण त्रासदी हुई. दर्शन के लिए सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं को चीनौर रोड की ढलान पर एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक कुचलता हुआ निकल गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर के प्रवेश द्वार की भारी दीवार ढह गई. हादसे में 14 श्रद्धालुओं ने दम तोड़ दिया और 35 लोग घायल हो गए. 16 साल का गणेश अपने भाई आकाश की आंखों के सामने तड़पता रहा, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. 19 वर्षीय मृतक बेटे की मां किरण ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बेटे की सांसें चलते हुए भी उसे निजी अस्पताल नहीं जाने दिया और जबरन पोस्टमार्टम के लिए वापस लौटा लाए.

बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार का तांडव: 3 की मौत, 4 गंभीर

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित बेलहा (चरनगहिया) गांव में शनिवार रात 11 बजे खौफनाक सड़क हादसा हुआ. आरती समाप्त होने के बाद टेंट में बैठकर धार्मिक फिल्म देख रहे ग्रामीणों को गौरा रोड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार फोर्ड कार (UP 32 K 2425) ने रौंद दिया. हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई. 4 घायलों को बहराइच रेफर किया गया है. पुलिस ने जिले के बॉर्डर सील कर 1 घंटे के अंदर शराबी ड्राइवर को कार समेत कस्टडी में ले लिया.

ये भी पढ़ें: एक मां की बेबसी तो आंखों के सामने तड़पता छोटा भाई, ग्वालियर हादसे में अपनों को खोने वालों का छलका दर्द, बताई आंखोंदेखी

हैदराबाद MVSR कॉलेज में डांडिया के दौरान आर्च गिरा: छात्रा की मौत, 14 घायल

तेलंगाना के नादेरगुल स्थित एमवीएसआर (MVSR) इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार शाम सांस्कृतिक उत्सव के दौरान मातम छा गया. कॉलेज में ‘संगमम’ फेस्ट के तहत डांडिया कार्यक्रम खत्म होने से ठीक 10 मिनट पहले तेज आंधी आई, जिससे 80 फीट ऊंचा लाइटों से सजा भारी स्टैंड डांस कर रही छात्राओं पर गिर पड़ा. हादसे में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की प्रथम वर्ष की छात्रा सोना नारायण दास की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उनकी बहन मीना समेत 14 अन्य छात्र घायल हो गए.

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और बीआरएस नेता केटी रामाराव ने हादसे पर दुख जताया. वहीं, बीजेपी नेताओं ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की.

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं.

प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है.

फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं.

इसके अलावा एनसीसी ‘C’ सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button