‘चलो मां घर…’ प्रेमी के साथ फरार मां से उसके बच्चों ने लगाई गुहार, वापस पति के पास लौटी


गोरखपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 40 वर्षीय महिला अपने पति और चार बच्चों को छोड़कर 24 साल के युवक के साथ फरार हो गई. हालांकि, फिर पता चलते ही पति अपने बच्चों के साथ उसके पास पहुंचा. बच्चों ने मां से घर चलने की जिद की. पंचायत बैठी और घरवालों ने भी समझाया. फिर महिला पति के पास लौट गई.बताया जा रहा है कि महिला की प्रेमी से पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. मामला गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले महिला की इंस्टाग्राम पर एक 24 वर्षीय युवक से दोस्ती हुई थी. बातचीत का सिलसिला बढ़ता गया और दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया. महिला पहले से शादीशुदा थी और अपने सास-ससुर, पति और चार बच्चों के साथ कैंपियरगंज क्षेत्र में रहती थी. वहीं युवक पीपीगंज थाना क्षेत्र के मनीराम का रहने वाला है और पेंट-पॉलिश का काम करता है.
महिला अचानक अपने घर से लापता हो गई थी
बताया जा रहा है कि 19 मार्च को महिला अचानक अपने घर से लापता हो गई. सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो वह घर पर नहीं मिली. इसके बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा. महिला का मोबाइल फोन भी बंद था, जिससे चिंता और बढ़ गई. आखिरकार परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की.
करीब नौ दिन बाद महिला के पति को सूचना मिली कि वह पीपीगंज थाना क्षेत्र के मनीराम में एक किराए के मकान में अपने बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है. सूचना मिलते ही पति अपने बच्चों और भाई के साथ वहां पहुंच गया. मां को देखकर बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे और उसे घर चलने की गुहार लगाने लगे. हालांकि महिला शुरुआत में अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही और घर लौटने से इनकार कर दिया.
इस दौरान महिला के पति और उसके बॉयफ्रेंड के बीच कहासुनी भी हो गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पीपीगंज थाना पुलिस सभी को थाने ले आई. थाने में करीब दो घंटे तक पंचायत चली, जिसमें दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई.
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
पंचायत के दौरान महिला के बच्चे लगातार रोते हुए अपनी मां से घर लौटने की अपील करते रहे. परिजनों और पुलिस की समझाइश के बाद आखिरकार महिला का मन बदला और वह अपने परिवार के साथ जाने के लिए तैयार हो गई. पीपीगंज थाना प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि महिला को समझा-बुझाकर उसके पति और बच्चों के साथ घर भेज दिया गया है. फिलहाल मामला शांत हो गया है और महिला ने अपने परिवार के साथ रहने की सहमति दे दी है.



