9 साल के चचेरे भाई का अपहरण कर गला घोंटा… चाचा से पिटाई का बदला लेने के लिए की हत्या


मुजफ्फरनगर बच्चे की हत्या का मामला
Muzaffarnagar Child Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में 9 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.मृतक की पहचान 9 साल के अमन के रूप में हुई है. 28 अक्टूबर की शाम से लापता मासूम का शव शुक्रवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के पास स्थित ईख के खेत से बरामद हुआ है.
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. फिर शिकायत दर्ज की और मृतक मासूम के परिवार से ही एक 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी अरमान को हिरासत में लिया. वो रिश्ते में मृतक का चचेरा भाई लगता है. जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने का जुर्म काबुल कर लिया.
बदला लेने के लिए की मासूम की हत्या
मृतक मासूम के चाचा गुलशेर का आरोप है कि हत्यारा अरमान उनके परिवार से ही है. उसने 18 अक्टूबर को हरियाणा में उस दुकान पर चोरी की थी, जिसमें वो काम करता था. गुलशेर ने अरमान को पड़कर दुकान मालिक के हवाले कर दिया था. बताया जा रहा है कि इस दौरान गुलशेर ने अरमान की पिटाई भी की थी. हालांकि, गुलशेर ने बाद में उसे अपनी जिम्मेदारी पर छुड़वा दिया था और किराये के लिए 500 रुपये भी दिए थे, लेकिन पिटाई का बदला लेने के लिए उसने मुजफ्फरनगर में गुलशेर के मासूम भतीजे की अपहरण के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ईख के खेत में छिपा दिया.
पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर शुक्रवार को ईख के खेत से मासूम का शव बरामद किया. मामले को लेकर एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि 29 अक्टूबर को थाना रतनपुरी को सूचना मिली गांव सठेड़ी से 9 साल का बच्चा अमन गायब है. इस घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. दो से तीन टीमों का गठन किया गया था.
पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
एसपी ग्रामीण ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही थी. मृतक के चाचा गुलशेर को अरमान पर शक था तो उसको भी हिरासत में लिया गया और कड़ाई से पूछताछ की गई. उसने हत्या की बात कुबूल कर ली. उसकी निशानदेही पर 30 अक्टूबर को 24 घंटे के अंदर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो मृतक के चाचा के साथ हरियाणा में नौकरी करता था.
एसपी ग्रामीण के अनुसार,आरोपी ने बताया कि मृतक के चाचा ने कुछ कारणवश उसको पीटा था. उसी रंजिश में 29 अक्टूबर को अमन का अपहरण करके उसकी हत्या कर दी. इस हत्याकांड का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीओ बुढ़ाना और एसएचओ रतनपुरी की टीम ने किया है. फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ KGMU में धर्मांतरण का घिनौना खेल डॉक्टरों समेत 12 कर्मचारी बेनकाब, देखें STF की जांच रिपोर्ट





