उत्तर प्रदेशभारत

6 दिसंबर को लखनऊ में बसपा की महारैली, मायावती बोलीं- पूरे शहर को भीड़ से भर देंगे

6 दिसंबर को लखनऊ में बसपा की महारैली, मायावती बोलीं- पूरे शहर को भीड़ से भर देंगे

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अहम समीक्षा बैठक की. आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के मकसद से बुलाई गई इस बैठक में बड़ा फैसला लिया गया. बसपा अब 6 दिसंबर 2026 को लखनऊ में महारैली आयोजित करेगी. यह रैली डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ के आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर होगी.

बैठक में मायावती ने रैली को ऐतिहासिक बनाने को कहा. उन्होंने कहा कि यह रैली अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी. मायावती ने पदाधिकारियों से कहा कि उस दिन केवल रैली स्थल ही नहीं, बल्कि पूरा लखनऊ भीड़ से भर जाएगा. उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रैली की सफलता के लिए पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए.

2027 चुनाव की तैयारियों पर हुई समीक्षा

मायावती की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, भाईचारा समितियों के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना रहा. मायावती ने पदाधिकारियों से संगठन की मौजूदा स्थिति का फीडबैक लिया. उन्होंने बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने और सर्वसमाज के लोगों को बसपा से जोड़ने पर जोर दिया. इसमें खास तौर पर गरीब और कमजोर वर्गों को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई.

उम्मीदवारों के चयन पर भी फीडबैक

बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी फीडबैक लिया गया. जिला अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली गई. पार्टी की चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर पर सक्रियता और भाईचारा समितियों की भूमिका पर भी चर्चा हुई. बसपा की ओर से संगठन को मजबूत करने के साथ सर्वसमाज तक पहुंच बनाने पर जोर दिया जा रहा है. बैठक में मिले फीडबैक के आधार पर आगे की चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं.

आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

6 दिसंबर को होने वाली महारैली को बसपा ने अपनी आगामी चुनावी तैयारियों का अहम कार्यक्रम बनाया है. डॉ. आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित होने वाली इस रैली के लिए पार्टी के सभी जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को जुटने के निर्देश दिए गए हैं. मायावती ने साफ कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी पूरी ताकत लगाएं. उन्होंने रैली को ऐतिहासिक बनाने और अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ने का लक्ष्य रखा है. अब पार्टी के सामने अगले एक महीने में प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने की तैयारी होगी.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button