50KM की स्पीड से हवाएं, बारिश…पहाड़ों पर फिर बदलने वाला है मौसम; जानें दिल्ली-बिहार सहित 20 राज्यों का हाल


आज का मौसम (सांकेतिक फोटो)
IMD Rain Alert: दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों में 9 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. पहाड़ी राज्यों में फिर आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक बारिश की संभावना जताई गई है. लेकिन देश की राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप के साथ हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है. दिल्ली में 9 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में तेज धूप खिलेगी, जबकि आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. मौसम का यह मिजाज 14 अक्टूबर तक बने रहने की संभावना है.
उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 9 और 10 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है. इसके बाद 11 और 13-14 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट है. यहां बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. हिमाचल प्रदेश में 13-14 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. 9 से 14 अक्टूबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 10-11 अक्टूबर को तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का असर दिखाई दे सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 से 11 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9-10 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 अक्टूबर को आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान में 11-12 अक्टूबर के दौरान कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश की संभावना
पूर्वी भारत में 9 अक्टूबर को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 9 से 11 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है. झारखंड में 9-10 अक्टूबर और ओडिशा में 9 से 14 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है.
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि यहां 10-11 अक्टूबर को भी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में 9 से 14 अक्टूबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 से 12 अक्टूबर तक आंधी-तूफान और तेज हवाओं की संभावना है. केरल में 9-10 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण कर्नाटक में भी 9 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर को कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से परेशानी हो सकती है. बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी वाले इलाकों में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.



