उत्तर प्रदेशभारत

सूखे नल, लंबी लाइनें और हंगामा… पंचशील ग्रीन-2 सोसाइटी में टैंकरों पर टूटे लोग, 2 दिन से ठप पानी की सप्लाई

सूखे नल, लंबी लाइनें और हंगामा... पंचशील ग्रीन-2 सोसाइटी में टैंकरों पर टूटे लोग, 2 दिन से ठप पानी की सप्लाई

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पानी का संकट गहराया.

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पोस्ट हाईराइज सोसाइटी पंचशील ग्रीन-2 में एक बार फिर पानी संकट ने हजारों परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बीते दो दिन से सप्लाई ठप होने के बाद हालात इतने बिगड़ गए हैं कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते नजर आ रहे हैं. टैंकरों के आगे लंबी कतारें लग गई हैं. लोग बाल्टी और बोतलें लेकर पानी भरने के लिए जूझते दिखाई दे रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम में एक बार फिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में बुनियादी सुविधाओं की पोल खोल कर रख दी है. भारी भरकम मेंटेनेंस चार्ज देने के बावजूद अगर लोगों को पानी जैसी मूलभूत सुविधाओ के लिए संघर्ष करना पड़े तो सवाल उठना लाजिमी है.

सुबह उठते ही सूखे मिले नल

सोसाइटी में रहने वाले लोगों के मुताबिक, मंगलवार देर रात से ही पानी की किल्लत सोसाइटी में मची हुई थी. बुधवार सुबह जब लोग उठे तो घरों के नलों में पानी नहीं था. बिना किसी पूर्व सूचना के पानी सप्लाई बंद होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई. ऑफिस जाने वालों को परेशानी हुई. स्कूल जाने वाले बच्चों के परिवारों में अफरातफरी मच गई.

ये भी पढे़ं- UP में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, 10 जिलों में जमकर गिरे ओले; 13 की मौत 58 जिलों में अलर्ट जारी

सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ी. सोसाइटी निवासी राजेंद्र ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद भी मेंटेनेंस टीम की तरफ से कोई ठोस जवाब नहीं मिला. जैसे-जैसे समय बीतता गया लोगों का गुस्सा बढ़ता गया और हजारों परिवार अपने-अपने फ्लैट से नीचे उतर आए.

पानी के लिए टैंकरों पर टूट पड़े लोग

सोसाइटी में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए प्रबंधन ने कुछ पानी के टैंकर मंगवाए, लेकिन वह नाकाफी साबित हुए. टैंकर आते ही उनके आगे लंबी लाइन लग गई. कोई बाल्टी लेकर दौड़ रहा था तो कोई बोतल और ड्रम लेकर पानी भरने की जुगत में लगा हुआ था. कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ा, तब जाकर कुछ पानी मिल पाया. कुछ लोगों ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में पानी संकट ने हालात और बदतर कर दिए हैं.

वहीं पानी संकट को लेकर सोसाइटी में जमकर हंगामा हुआ. नाराज निवासियों ने बिल्डर और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध जताया. लोगों का कहना था कि यह पहली बार नहीं है. पहले भी कई बार पानी, बिजली और लिफ्ट जैसी समस्याएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन स्थाई समाधान नहीं निकल पाया है. वहीं सोसाइटी में हंगामे की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. हालात को काबू में करने की कोशिश की गई.

सोसाइटी में सुविधाएं नदारत, प्रशासन से दखल की मांग

सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटियों में यह समस्या अब आम हो चली है. कभी पानी की किल्लत, कभी बिजली की समस्या, कभी लिफ्ट खराब… लोग रोज नई परेशानियां झेल रहे हैं. लोगों का कहना है कि बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी सिर्फ वसूली कर रही हैं, लेकिन सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. यही वजह है कि आए दिन सोसाइटी में विरोध प्रदर्शन और हंगामे की खबरें सामने आती रहती हैं.

निवासियों ने प्राधिकरण और प्रशासन से पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि निजी बिल्डरों के लापरवाही पर सख्ती होनी चाहिए और हाईराइज सोसाइटियों में मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी होनी चाहिए. लोगों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर पानी संकट का स्थाई समाधान नहीं निकला तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button