उत्तर प्रदेशभारत

सुल्तानपुर में मर्डर: भ्रष्टाचार की शिकायत पर आगबबूला हुआ ग्राम प्रधान, शख्स को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला

सुल्तानपुर में मर्डर: भ्रष्टाचार की शिकायत पर आगबबूला हुआ ग्राम प्रधान, शख्स को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला

शख्स को पीट-पीटकर मार डाला

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां ग्राम प्रधान के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितता की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया. आरोप है कि शिकायत से नाराज ग्राम प्रधान और उसके समर्थकों ने शिकायतकर्ता के भाई पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं.

घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव की है. भिटौरा गांव निवासी बलवंत सिंह ने ग्राम प्रधान के खिलाफ अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायत की थी, जिसकी जांच चल रही थी. आरोप है कि इसी शिकायत को लेकर ग्राम प्रधान और उसके समर्थक बलवंत सिंह के परिवार से रंजिश रखने लगे थे.

बरसाए लाठी-डंडे

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम बलवंत सिंह के भाई जसवंत सिंह शिवगढ़ बाजार से सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे ग्राम प्रधान और उसके सहयोगियों ने उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने जसवंत पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से प्रहार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में जसवंत सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंभुआ ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. इलाज के दौरान बुधवार सुबह जसवंत सिंह ने दम तोड़ दिया.

मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई बलवंत सिंह का आरोप है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ की गई शिकायत के कारण ही उनके भाई को निशाना बनाया गया. उनका कहना है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया है.इधर, घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस टीम लगातार दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है.

सुल्तानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ब्रिज नारायण सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- विष्णु कुमार

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button