उत्तर प्रदेशभारत

सहारनपुर में मिट्टी धंसने से दर्दनाक हादसा… 20 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे चाचा-भतीजे की मौत

सहारनपुर में मिट्टी धंसने से दर्दनाक हादसा... 20 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे चाचा-भतीजे की मौत

रेस्क्यू करती टीम

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के चिराऊ गांव में शनिवार शाम बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया. नलकूप के गड्ढे से पुरानी ईंटें निकालते समय अचानक मिट्टी की ढांग भरभराकर नीचे आ गिरी. हादसे के दौरान गड्ढे में काम कर रहे 48 वर्षीय राजेंद्र और उनका 12 वर्षीय भतीजा गौरव मलबे के नीचे दब गए. हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल जेसीबी मशीन की मदद से दोनों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. कुछ देर बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई. रेस्क्यू टीम ने बेहद मुश्किल परिस्थितियों में दोनों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया. शुरुआत में राजेंद्र को मलबे से बाहर निकाल लिया गया और उन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि 12 वर्षीय गौरव गड्ढे में फंसा रहा.

चार घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

गौरव को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी रहा. शाम होते-होते अंधेरा बढ़ने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आने लगीं. इसके बावजूद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने बड़ी टॉर्च की रोशनी में अभियान जारी रखा. मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही और सभी की निगाहें बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर टिकी थीं.

करीब साढ़े चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार 12 वर्षीय गौरव को भी मलबे से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. दोनों की हालत गंभीर बताई गई. बाद में SSP सहारनपुर अभिनंदन ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने दोनों को बचाने की पूरी कोशिश की राजेंद्र को निकाल लिया गया था उसके बाद गौरव को भी बाहर निकाला गया लेकिन दोनों की की मौत हो चुकी थी.

चाचा- भतीजे दोनों की मौत

मृतक राजेंद्र और गौरव रिश्ते में चाचा-भतीजा थे. गौरव अपने चाचा राजेंद्र के काम में हाथ बंटा रहा था और इसी दौरान दोनों नलकूप के गड्ढे से ईंटें निकाल रहे थे. अचानक मिट्टी की ढांग ढहने से दोनों उसके नीचे दब गए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों शवों को बाहर निकालकर मोर्चरी भेज दिया गया है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है.

विकास कपिल

विकास कपिल

विकास कपिल पंडित पिछले 12 वर्षों से हिंदी भाषी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. विकास कपिल की राजनीतिक, अपराध और सामाजिक खबरों पर अच्छी पकड़ है. विभिन्न संस्थानों में रहते हुए कई बार उनके काम का असर भी देखने को मिला. न्यूज नेशन, न्यूज स्टेट, भास्कर टीवी, महुआ टीवी, NNIS न्यूज एजेंसी, भारत एक्सप्रेस जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में कार्य कर चुके विकास कपिल लंबे समय तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े रहे हैं.

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News Nation, News State UP/UK चैनल में लंबे समय तक काम करने के बाद विकास कपिल ने भारत एक्सप्रेस चैनल में भी काम किया और कुछ समय वहां काम करने के बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की तरफ रुख किया. वर्तमान में वो टीवी9 नेटवर्क का हिस्सा हैं. विकास कपिल पंडित ने CCS यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. घूमना, रिपोर्टिंग और खुद कुकिंग करना उनका शौंक है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button