खेल

सब होते रहे आउट, लेकिन भारतीय कप्तान ने खूब धोया; पांचवें टी20 में श्रीलंका को दिया 176 का लक्ष्य; 5-0 से होगी क्लीन स्वीप?

India Women vs Sri Lanka Women 5th T20: पांचवें टी20 मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 175 रन बना दिए हैं. तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था. भारतीय बल्लेबाज एक छोर से लगातार अपना विकेट खोते रहे, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर पर आज गेंदबाजों की धुनाई करने का भूत सवार था. उन्होंने 158 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 68 रन बनाए. अंतिम ओवरों में अरुंधति रेड्डी ने भी तेजतर्रार अंदाज में 27 रन बनाए.

लगातार 3 मैचों में अर्धशतक लगाकर आ रहीं शेफाली वर्मा इस बार नहीं चलीं, जो सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गईं. इस मैच में स्मृति मंधाना नहीं खेलीं, उनकी जगह जी कमलिनी ने ओपनिंग की, लेकिन वो भी केवल 12 रन बनाकर आउट हो गईं. हरलीन देओल भी सस्ते में आउट हो गईं, देखते ही देखते टीम इंडिया ने 41 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे.

कप्तान हरमनप्रीत ने मचाई तबाही

एक तरफ भारतीय बल्लेबाज लगातार अपना विकेट गंवाते जा रहे थे, दूसरे छोर पर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. हरमनप्रीत ने 43 गेंद में 68 रनों की पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 9 चौके और एक छक्का लगाया. एक समय भारत की आधी टीम 77 के स्कोर तक पवेलियन लौट गई थी. इसी बीच हरमनप्रीत कौर और अमनजोत कौर ने 61 रनों की साझेदारी पर टीम को मुश्किल से उबारा.

अंतिम ओवरों में अरुंधति रेड्डी ने 11 गेंद में 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया.

आखिरी 2 ओवर में बने 32 रन

अरुंधति रेड्डी की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने आखिरी 2 ओवरों में 32 रन जोड़ डाले. अंतिम ओवर में रेड्डी ने अकेले ही 3 चौके और एक छक्का समेत 20 रन बटोरे. एक समय टीम इंडिया के लिए 160 रन बनाना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन रेड्डी की कैमियो पारी की बदौलत भारत 175 रन तक पहुंच पाया.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button