उत्तर प्रदेशभारत

श्रावस्ती में पूर्व चेयरमैन पर जानलेवा हमला, दुकान में घुसकर दबंगों ने मारा; हालत नाजुक

Shravasti News: श्रावस्ती जिले में दबंगों ने दिनदहाड़े नगर पंचायत इकौना के पूर्व चेयरमैन महमूद आलम नाइमी पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने उनकी दुकान में घुसकर बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान इलाके में दहशत फैलाने के लिए राइफल से हवाई फायरिंग भी की गई. हमले में पूर्व चेयरमैन गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

दुकान में घुसकर पूर्व चेयरमैन पर किया हमला

मामला इकौना थाना क्षेत्र स्थित इकौना बाजार का है. पूर्व चेयरमैन महमूद आलम नाइमी अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका विपक्षी पक्ष के लोगों से विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ दबंग हथियार लेकर उनकी दुकान में घुस आए और उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने पूर्व चेयरमैन के साथ जमकर मारपीट की.

ये भी पढ़ें- हमीरपुर में रोडवेज बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने 20 KM तक किया पीछा; 40 यात्री थे सवार

महमूद आलम नाइमी को बचाने के लिए जब आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने कोशिश की तो आरोपियों ने राइफल से हवाई फायरिंग कर दी. इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजनों का आरोप है कि हमलावर उन्हें गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में छोड़कर भाग गए.

गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

हमले के बाद परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से महमूद आलम नाइमी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इकौना लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. परिजनों का कहना है कि घटना के समय वे दुकान पर ही मौजूद थे. अचानक हथियारों से लैस होकर आए लोगों ने हमला कर दिया. किसी तरह घायल पूर्व चेयरमैन को अस्पताल पहुंचाया गया.

सांसद शिरोमणि वर्मा ने लिया घटना का जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद शिरोमणि वर्मा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल पूर्व चेयरमैन के परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. सांसद ने घटना को बेहद निंदनीय और चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा कि इकौना बाजार जैसे व्यस्त इलाके में एक पूर्व चेयरमैन की दुकान में घुसकर हमला करना और खुलेआम फायरिंग करना गंभीर मामला है. उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात कर आरोपियों की जल्द पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. सांसद ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही इकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल हमले के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

(रिपोर्ट- अम्मार रिजवी/श्रावस्ती)

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं.

उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला.

दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा.

अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button