उत्तर प्रदेशभारत

शर्मनाक! ‘3 लाख में बेटी को बेच दो’… बच्ची के जन्म पर बोला पति का बड़ा भाई, अस्पताल के बाहर छोड़ा

शर्मनाक! ‘3 लाख में बेटी को बेच दो’… बच्ची के जन्म पर बोला पति का बड़ा भाई, अस्पताल के बाहर छोड़ा

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां बेटी के जन्म से नाराज पति और उसके परिवार वालों ने पत्नी के साथ मारपीट कर नवजात सहित उसे अस्पताल से बाहर छोड़ दिया. घटना के बाद अस्पताल परिसर के बाहर घंटों तक हंगामा होता रहा और पीड़ित पत्नी इंसाफ की गुहार लगाती रही.

दरअसल, नहटौर थाना क्षेत्र के नसीबपुर मिर्जापुर गांव निवासी मुंतरीन की शादी करीब 11 महीने पहले ऊमरपुर पालकी गांव निवासी वसीम के साथ हुई थी. सात दिन पहले मुंतरीन ने धामपुर थाना क्षेत्र के सुहागपुर स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए एक बेटी को जन्म दिया था. आरोप है कि वसीम और उसका परिवार बेटा होने की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन बेटी होने से मुंतरीन की सुसराल के सारे लोग नाराज हो गए.

ये भी पढे़ं- UP: महोबा में दिनदहाड़े गोलीकांड, पुरानी रंजिश में दबंगों ने युवक को मारी गोली; पिता को किया लहूलुहान

घर ले जाने से कर दिया मना

सोमवार 23 मार्च को जब मुंतरीन अपने टांके कटवाने के लिए अस्पताल पहुंची, उस समय उसके मायके पक्ष के लोग भी डॉक्टर को रुपए देने के लिए अस्पताल आए हुए थे. इसी दौरान पति वसीम और उसके परिजनों ने मुंतरीन को बेटी होने पर ताना मारा तो मुंतरीन ने कुछ दिनों के लिए आपने मायके वालों के साथ जाने की इच्छा जताई. आरोप है कि गुस्से में आकर वसीम और उसके भाइयों ने पहले मुंतरीन के साथ मारपीट की और फिर नवजात सहित उसे अस्पताल से बाहर निकाल दिया.

मायके वालों के साथ मारपीट की

साथ ही अपने मायके वालों के साथ जाने को कहा. जब मुंतरीन के परिजनों ने इस व्यवहार का विरोध किया तो उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई. अस्पताल के बाहर पीड़ित पक्ष ने इंसाफ की गुहार लगाई और काफी देर तक हंगामा होता रहा. मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वसीम समेत अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया.

3 लाख में बेटी को बेचने की बात कही

वहीं पीड़ित मुंतरीन ने बताया कि उसके सास-ससुर, जेठ, देवर और ननद-नंदोई ने बेटी होने पर उलाहने दिए. यही नहीं जेठ ने तीन लाख रुपए में नवजात बेटी को बेचने तक की बात की. धामपुर के पुलिस इंस्पेक्टर मृदुल कुमार ने बताया कि बहू के साथ गाली-गलौज, मारपीट और उत्पीड़न की शिकायत मिली है. तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button