रेलवे का बदला टाइम टेबल… 14 से 23 जून तक त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनों के बदले रूट, यात्रा से पहले देख लें लिस्ट

10 ट्रेनों के रूट चेंज.
Bareilly Train News: रेल यात्रा करने वालों के लिए अगले कुछ दिन काफी मुश्किलों भरे साबित हो सकते हैं. अगर आप भी अगले कुछ दिनों में ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें. लखनऊ स्टेशन और उसके आसपास चल रहे निर्माण कार्य और रेलवे ब्लॉक के कारण बरेली होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. रेलवे प्रशासन ने 14 जून से 23 जून तक त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत करीब 10 महत्वपूर्ण ट्रेनों के रूट में बड़ा बदलाव किया है.
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस ब्लॉक अवधि के दौरान ट्रेनों को उनके सामान्य रूट के बजाय दूसरे परिवर्तित मार्गों से चलाया जाएगा. प्रभावित होने वाली ट्रेनों में मुख्य रूप से शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस और टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस शामिल हैं. इसके अलावा बनारस-नई दिल्ली, नई दिल्ली-बनारस और देहरादून रूट की कुल 10 ट्रेनों को लखनऊ के सामान्य मार्ग की जगह आलमनगर, ट्रांसपोर्ट नगर और उतरेटिया होकर निकाला जाएगा.
12 घंटे तक लेट चल रही हैं ट्रेनें, यात्री परेशान
रूट बदलने के साथ-साथ ट्रेनों की भारी लेटलतीफी ने यात्रियों की मुसीबत को दोगुना कर दिया है. आनंद विहार-सहरसा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 12 घंटे की देरी से चल रही है, जबकि दिल्ली-गोरखपुर विशेष ट्रेन लगभग 11 घंटे लेट दर्ज की गई. इसके अलावा आनंद विहार-जोगवानी विशेष ट्रेन, अमृत भारत एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, कामाख्या एक्सप्रेस, गरीब रथ, लखनऊ मेल और महामना एक्सप्रेस जैसी कई वीआईपी ट्रेनें भी घंटों की देरी से चल रही हैं.
तीन दिनों में 4,000 से ज्यादा टिकट हुए रद्द
ट्रेनों के बार-बार बदलते समय और रूट डायवर्जन के कारण यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा है. अपनी यात्रा की प्लानिंग बिगड़ने की वजह से बड़ी संख्या में लोग सफर टाल रहे हैं. रेलवे आंकड़ों के अनुसार, पिछले महज तीन दिनों के भीतर बरेली और आसपास के रेल मंडलों में 4,000 से अधिक लंबी दूरी के टिकट निरस्त (कैंसिल) कराए जा चुके हैं. विशेष रूप से पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले लोग सबसे ज्यादा टिकट रद्द करा रहे हैं. रेलवे ने यात्रियों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ट्रेनों की स्थिति जांचने की सलाह दी है.





