उत्तर प्रदेशभारत

रूफटॉप रेस्टोरेंट, ग्रीन जोन और स्काई वॉक… लखनऊ में लुलु मॉल के पास मिलेगा नया अर्बन हब

Lucknow Development Authority: लखनऊ के शहीद पथ पर स्थित लुलु मॉल के पास जल्द ही एक आधुनिक स्काई वॉक (फुट ओवरब्रिज) बनाया जाएगा. यह फुट ओवरब्रिज करीब 100 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा होगा. इसका उद्देश्य व्यस्त सड़क पार करने वाले लोगों को सुरक्षित और आसान आवागमन की सुविधा देना है. इसके साथ ही यह परियोजना शहर में एक नए और आकर्षक अर्बन स्पेस के रूप में भी विकसित की जाएगी.

एलडीए ने दी परियोजना को मंजूरी

गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस परियोजना का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया. बैठक में निर्माण कार्य शुरू करने को हरी झंडी दे दी गई. एलडीए ने इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित करने का फैसला किया है. इसके लिए एक निजी कंपनी के साथ समझौता भी किया गया है. परियोजना पर लगभग 18 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसका पूरा खर्च निजी कंपनी वहन करेगी.

Lucknow News

लिफ्ट और सीढ़ियों दोनों की होगी सुविधा

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि फुट ओवरब्रिज को सभी वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसमें सामान्य सीढ़ियों के साथ-साथ लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों को सड़क पार करने में काफी आसानी होगी. उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD), ट्रैफिक पुलिस, बिजली विभाग और लुलु मॉल प्रबंधन के साथ समन्वय कर निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- चेक-इन से टेकऑफ तक सब कुछ टेस्ट 15 जून से पहली उड़ान के लिए तैयार जेवर एयरपोर्ट, फुल स्केल ट्रायल सफल

सिर्फ पुल नहीं, बनेगा आधुनिक अर्बन स्पेस

यह परियोजना केवल फुट ओवरब्रिज तक सीमित नहीं रहेगी. इसके नीचे और आसपास के क्षेत्र को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. परियोजना के तहत करीब 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में सुंदर ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा. यहां लोगों के लिए बैठने की जगह, कियोस्क, सार्वजनिक उपयोग के इंटरैक्टिव स्पेस, शौचालय और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर, मेजेनाइन फ्लोर और प्रथम तल पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कॉमर्शियल स्पेस भी विकसित किया जाएगा.

Lda News

रूफटॉप पर होगा ओपन एयर रेस्टोरेंट

फुट ओवरब्रिज को आकर्षक बनाने के लिए इसके रूफटॉप पर ओपन एयर रेस्टोरेंट की सुविधा भी दी जाएगी. साथ ही यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिससे यह स्थान लोगों के लिए मनोरंजन और घूमने-फिरने का नया केंद्र बन सके. एलडीए का मानना है कि यह परियोजना लखनऊ की आधुनिक पहचान को और मजबूत करेगी.

सुरक्षा को दी गई सबसे ज्यादा प्राथमिकता

फुट ओवरब्रिज की डिजाइन तैयार करते समय सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसमें एंटी-स्किड फ्लोरिंग, मजबूत रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, स्पष्ट दिशा-निर्देश संकेतक और अग्निरोधी विद्युत फिटिंग की व्यवस्था होगी. इसके अलावा संरचना को भूकंपरोधी बनाया जाएगा. फायर सेफ्टी उपकरण, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्राथमिक उपचार किट और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

निर्माण के दौरान ट्रैफिक नहीं होगा प्रभावित

एलडीए ने दावा किया है कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक पर न्यूनतम असर पड़ेगा. इसके लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर अस्थायी डायवर्जन, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएंगे. ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की योजना तैयार की गई है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहीद पथ पर पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ लखनऊ को एक नया आधुनिक और आकर्षक सार्वजनिक स्थल भी मिलेगा.

सफी अहमद

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button