उत्तर प्रदेशभारत

मुरादाबाद: कुख्यात गैंगस्टर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी एनकाउंटर में ढेर, 50 हजार का था इनाम

मुरादाबाद: कुख्यात गैंगस्टर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी एनकाउंटर में ढेर, 50 हजार का था इनाम

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार (1 अप्रैल) को एक बड़ी सफलता हासिल की. टीम ने कुख्यात उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. मोंटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक खूंखार अपराधी था, जिस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था. हाल ही में मुरादाबाद के एक बड़े निर्यातक से करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगने और उनकी फैक्ट्री पर फायरिंग करने के बाद वह पुलिस के रडार पर था.

सिविल लाइंस थाना इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान मोंटी ने बचने के लिए पुलिस टीम पर आधुनिक हथियारों से अंधाधुंध गोलियां बरसाई. आत्मरक्षा के लिए की गई जवाबी फायरिंग में मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मोंटी का आपराधिक रिकॉर्ड

मोंटी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है. उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे कुल 36 संगीन मामले दर्ज थे. एसटीएफ मेरठ और स्थानीय पुलिस की टीमें काफी समय से उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं. सटीक इनपुट मिलने के बाद की गई इस घेराबंदी ने पश्चिमी यूपी के एक सक्रिय अपराधी का अंत कर दिया है, जो जेल से बाहर आने के बाद लगातार व्यापारियों और आम जनता के लिए सिरदर्द बना हुआ था.

उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर

आशु चड्ढा उर्फ मोंटी का जुर्म की दुनिया में प्रवेश साल 2010 में एक हत्या की वारदात के साथ हुआ था. पहली बार जेल जाने के दौरान ही उसकी मुलाकात उधम सिंह गैंग के गुर्गों से हुई थी, जिसके बाद वह इस गैंग का खास शार्प शूटर बन गया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी जेल से छूटने के बाद पेशेवर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था.

मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार और भारी मात्रा में असलहा बरामद किया है, जिसमें .32 बोर की पिस्टल, रिवॉल्वर और 12 बोर की बंदूक शामिल है. भारी मात्रा में कारतूसों की बरामदगी उसके खतरनाक इरादों को पुख्ता करती है.

व्यवसायी से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि 15 मार्च को एक व्यवसायी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और हत्या की धमकी का मामला दर्ज हुआ था. दबाव बनाने के लिए बदमाशों ने फैक्ट्री पर फायरिंग भी की थी, इसी क्रम में एसटीएफ और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान आज अपराधियों से मुठभेड़ हुई है.

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में बदमाश आशु उर्फ मोंटी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई है. जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा है. एसटीएफ टीम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगी हैं. मृतक अपराधी उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था, जिस पर 36 मुकदमे और 50 हजार का इनाम था. मौके से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री निर्मित तीन हथियार और दर्जनों कारतूस बरामद किए गए हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button