उत्तर प्रदेशभारत

‘मुन्नी ब्रांड’ पटाखे बनाता था राजू खान…नहीं था लाइसेंस, मुठभेड़ के बाद अरेस्ट; 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

वाराणसी ब्लास्ट: ‘मुन्नी ब्रांड’ पटाखे बनाता था राजू खान…नहीं था लाइसेंस, मुठभेड़ के बाद अरेस्ट; 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मुठभेड़ के बाद अरेस्ट

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से देसी कट्टा भी बरामद किया है. इस घटना में राजू खान की पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हुए थे. हादसे में दो मंजिला मकान ढह गया था और आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा था. मामले में लापरवाही के आरोप में पुराना पुल चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला और बीट कांस्टेबल प्रकाशचंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया गया है.

डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने राजू खान को देर रात करीब 1:30 बजे गिरफ्तार किया. उसके पास से .315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम कर रहा था और इस कारोबार में उसके साथ कौन-कौन शामिल था. एडिशनल सीपी (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा के मुताबिक, जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मकान में कितनी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी और तैयार पटाखों की आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जाती थी.

विस्फोट में ढह गया था दो मंजिला मकान

सारनाथ के पैगंबरपुर में बीते गुरुवार को पटाखे बनाने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ था. धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया. हादसे में राजू खान की पत्नी चांदनी बेगम (35), बेटा आदिल खान (14) और 10 साल की बेटी अराफिया घायल हो गए थे. तीनों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मां और बेटे की हालत गंभीर बताई गई. चांदनी बेगम करीब 85 फीसदी झुलस गई हैं, जबकि आदिल के सिर में गंभीर चोट आई है.

आधे किलोमीटर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

विस्फोट का असर आसपास के घरों पर भी पड़ा. स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन से चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए. कई घरों के शीशे और दरवाजे टूट गए, जबकि दीवारों में दरारें आ गईं.

पड़ोसी चंद्रकला विश्वकर्मा ने बताया कि धमाके से उनका घर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घर का दरवाजा टूट गया और दीवारों में दरारें पड़ गईं. प्रत्यक्षदर्शी पंकज के मुताबिक, विस्फोट की आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. धमाका इतना जोरदार था कि लोगों को लगा, जैसे कोई बड़ा बम फटा हो.

‘मुन्नी ब्रांड’ के नाम से बेचता था पटाखे

पड़ोसियों के अनुसार, राजू खान ‘मुन्नी ब्रांड’ के नाम से पटाखे बाजार में बेचता था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके पास पटाखे बनाने का लाइसेंस नहीं था. इस काम में बाहरी लोगों के बजाय परिवार के सदस्य ही शामिल थे. पुलिस अब कारोबार की अवधि, विस्फोटक सामग्री की मात्रा और पटाखों की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. बताया जाता है कि करीब 40 साल पहले राजू खान के पिता मतिउल्लाह की भी पटाखे बनाने के दौरान झुलसने से मौत हो गई थी. अब इसी परिवार के घर में हुए विस्फोट के बाद अवैध पटाखा कारोबार को लेकर जांच तेज कर दी गई है.

अमित कुमार सिंह

अमित कुमार सिंह

पिछले 15 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय, 2008 सितम्बर में नई दुनियां अख़बार दिल्ली से पत्रकारिता शुरू की. अप्रैल 2009 में ज़ी मीडिया जॉइन किया. दिसंबर 2018 तक ज़ी मीडिया में बतौर ब्यूरो चीफ बनारस रहा. जनवरी 2019 से जनतंत्र टीवी में गए और 2021 तक जिम्मेदारी निभाई.

रोमिंग जर्नलिस्ट के तौर पर जनतंत्र टीवी के लिए स्पेशल करेस्पोंडेंट की हैसियत से दिल्ली, बिहार-झारखंड और लखनऊ में अपनी सेवाएं दीं. टीवी 9 यूपी का हिस्सा बनने से पहले न्यूज़ नेशन गोरखपुर में बतौर ब्यूरो चीफ़ की भूमिका में रहे. फिलहाल टीवी 9 यूपी (डिजिटल) के लिए बनारस से सेवाएं दे रहे हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button