उत्तर प्रदेशभारत

बरेली में किसान की मौत से हड़कंप, पूर्व कुलपति पर लगाए गंभीर आरोप, सुसाइड नोट में लिखा- मेरे बच्चों का ख्याल रखना

बरेली में किसान की मौत से हड़कंप, पूर्व कुलपति पर लगाए गंभीर आरोप, सुसाइड नोट में लिखा- मेरे बच्चों का ख्याल रखना

1992 में पंजाब से आकर बसा था परिवार.

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से परेशान एक 55 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. मृतक किसान भगवान सिंह के शव के पास मिली डायरी से 5 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने एक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पर गंभीर आरोप लगाए हैं और अपने बच्चों का ख्याल रखने की अपील की है. घटना की सूचना मिलते ही SP उत्तरी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली. पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बहेड़ी के गांव पचपेड़ा निवासी भगवान सिंह शुक्रवार को उत्तराखंड के बाजपुर स्थित अपने साले के घर जाने के लिए निकले थे. रास्ते में उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया और तबीयत बिगड़ने पर खुद अपने साले को इसकी सूचना दी.

परिजन उन्हें पहले बहेड़ी के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया, लेकिन बरेली पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई. शव के पास रखी डायरी में 5 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने जमीन विवाद व मानसिक प्रताड़ना का जिक्र करते हुए पूर्व कुलपति को न छोड़ने और अपने बच्चों का ख्याल रखने की बात लिखी है.

क्या है 24 एकड़ जमीन का विवाद? 1992 में पंजाब से आकर बसा था परिवार

परिजनों के मुताबिक, भगवान सिंह के पिता वर्ष 1992 में पंजाब से आकर बहेड़ी के पचपेड़ा गांव में बसे थे और दो-तीन साल बाद 24 एकड़ जमीन खरीदी थी. जमीन की दाखिल-खारिज नहीं हो सकी थी, जिसे लेकर पिछले करीब 15 वर्षों से विवाद चल रहा था.

ये भी पढ़ें: इंदौर में डबल मर्डर से सनसनी घर के अंदर मिली बेटी की लाश, तो 10 KM दूर बोरे से मिला पिता का शव, भाई पर शक

परिवार का आरोप है कि विवाद के बावजूद एक अन्य व्यक्ति ने जमीन खरीद ली और विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति व उनके साथियों की मदद से जमीन का बैनामा और दाखिल-खारिज करा लिया. इसके बाद से ही भगवान सिंह पर जमीन खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था.

हाईकोर्ट में केस हारने के बाद दाखिल किया था रिवीजन, पुलिस को तहरीर का इंतजार

भगवान सिंह के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं; एक बेटा विदेश में रहता है, जबकि दूसरा बेटा भाग सिंह बहेड़ी कचहरी में वकालत करता है. एसपी उत्तरी संतोष कुमार से बातचीत में भाग सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष ने हाईकोर्ट में गलत तथ्य पेश किए थे, जिससे उनके पिता मुकदमा हार गए थे, लेकिन इसके खिलाफ रिवीजन दाखिल किया गया था. मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद जमीन खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा था.

पुलिस ने पहले शिकायत न करने को लेकर भी परिजनों से सवाल किया और लिखित तहरीर देने को कहा. एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि परिवार की ओर से अभी तक लिखित तहरीर नहीं दी गई है (परिजन उत्तराखंड से रिश्तेदारों के आने का इंतजार कर रहे थे). पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच की जा रही है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button