उत्तर प्रदेशभारत

प्रेम प्रसंग में सगे भाई ने नहीं दिया साथ तो मार दी गोली, पुलिस से कहा- गांव वालों ने की हत्या… फिर कैसे खुली पोल?

प्रेम प्रसंग में सगे भाई ने नहीं दिया साथ तो मार दी गोली, पुलिस से कहा- गांव वालों ने की हत्या... फिर कैसे खुली पोल?

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Bareilly Crime News: यूपी के बरेली जिले के फरीदपुर में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने हैरान कर देना वाला खुलासा किया है. जिस भाई ने थाने पहुंचकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस जांच में वही अपने सगे भाई का कातिल निकला. आरोपी बीमा क्लेम और करोड़ों की संपत्ति भी हड़पना चाहता था. उसने अपने भाई की हत्या इसलिए की क्योंकि मृतक उसके प्रेम प्रसंग में साथ नहीं दे रहा था. पुलिस ने आरोपी उमेश पाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

फरीदपुर के गांव रायपुर हंस निवासी इन्द्रपाल सिंह की 30 अप्रैल की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था. मृतक के भाई उमेश पाल सिंह ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए फरीदपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. मामला गंभीर होने की वजह से पुलिस ने जांच शुरू की.

जांच में खुली पोल, भाई ही निकला कातिल

हत्या की जांच और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं. सर्विलांस टीम, एसओजी, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने अलग-अलग पहलुओं पर जांच की. शुरुआत में पुलिस गांव के उन लोगों पर भी नजर रख रही थी, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कई कई नई बातें सामने आई.

क्यों की भाई की हत्या?

पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले जिससे शक सीधे शिकायतकर्ता उमेश पाल पर जाने लगा. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब सबूत सामने रखे गए तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका एक प्रेम प्रसंग चल रहा था.

इस मामले में उसका भाई इन्द्रपाल उसका साथ नहीं दे रहा था. इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से तनाव बना हुआ था. परिवार और समाज में भी इस बात को लेकर बदनामी हो रही थी. धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि उमेश पाल ने अपने ही भाई की हत्या की साजिश रच डाली.

गांव वालों को फंसाने की थी साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या करने के बाद उसने खुद को बचाने के लिए गांव के कुछ लोगों को फंसाने की योजना बनाई. इसी वजह से उसने थाने जाकर उन्हीं लोगों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी ताकि पुलिस का शक दूसरी तरफ चला जाए.

पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात उमेश पाल ने अपने भाई को गोली मार दी थी. हत्या के बाद उसने खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए रोना-धोना शुरू कर दिया और गांव के लोगों पर आरोप लगाने लगा. पुलिस की जांच और पूछताछ में उसकी पूरी कहानी सामने आ गई.

क्षेत्राधिकारी अंजना दहिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ हत्या की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं.

ये भी पढ़ें – जेठानी के मायके में भागवत कथा हुई तो कर लूंगी सुसाइड, धमकी से हड़कंप

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button