उत्तर प्रदेशभारत

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ इन दो महिला IPS अफसरों का भी नोएडा से तबादला

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ इन दो महिला IPS अफसरों का भी नोएडा से तबादला

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ DCP वूमेन सेफ्टी सुनीति और DCP नोएडा प्रीति यादव का भी तबादला

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में तीन महिला IPS अधिकारियों का तबादला हुआ है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ DCP वूमेन सेफ्टी सुनीति और DCP नोएडा प्रीति यादव का भी तबादला हुआ है. लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया, जबकि सुनीति को डीजीपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है. वहीं प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी PAC आगरा का सेनानायक बनाया गया है. तीनों अधिकारियों का करियर अलग-अलग वजहों से चर्चा में रहा है. कोई UPSC में टॉपर रही तो किसी ने अमेरिका में नौकरी का ऑफर छोड़कर पुलिस सेवा चुनी. वहीं, एक अधिकारी महज 22 साल की उम्र में IPS बन गई थीं.

बता दें कि यूपी पुलिस के 28 IPS अधिकारियों का आज तबादला किया गया. इसमें गौतमबुद्धनगर, वाराणसी, प्रयागराज और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर शामिल हैं. लक्ष्मी सिंह को नोएडा से अब गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया. वहीं जे. रविन्दर गौड़ अब नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे. इसके अलावा कई जोन के ADG और DIG स्तर के अधिकारियों का तबादला किया गया.

लक्ष्मी सिंह: यूपी की पहली महिला पुलिस कमिश्नर

लक्ष्मी सिंह 2000 बैच की IPS अधिकारी हैं. वह उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बनी थीं. नवंबर 2022 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था. इससे पहले वह लखनऊ रेंज की IG के पद पर तैनात थीं. नोएडा में पुलिस कमिश्नर बनने से पहले वह कई जिलों और पुलिस इकाइयों में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी थीं. लक्ष्मी सिंह का जन्म 2 मई 1974 को लखनऊ में हुआ. लक्ष्मी सिंह ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में BTech और समाजशास्त्र में MA किया है.

UPSC सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने 33वीं रैंक हासिल की थी. वह परीक्षा में सफल होने वाली महिला अभ्यर्थियों में शीर्ष पर रही थीं. ट्रेनिंग के दौरान उन्हें बेस्ट प्रोबेशनर चुना गया था. उन्हें प्रधानमंत्री की सिल्वर बैटन और केंद्रीय गृह मंत्री की पिस्टल भी मिली थी. लक्ष्मी सिंह ने 2004 में SSP के तौर पर अपनी पहली तैनाती संभाली थी. वह आगरा में DIG/IG के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा STF और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल मेरठ में भी उनकी तैनाती रही. उन्हें पुलिस मेडल, DGP के सिल्वर और गोल्ड कमेंडेशन डिस्क समेत कई सम्मान मिल चुके हैं.

सुनीति: अमेरिका की नौकरी का ऑफर छोड़कर बनीं IPS

नोएडा में DCP वूमेन सेफ्टी की जिम्मेदारी संभाल रहीं सुनीति 2013 बैच की IPS अधिकारी हैं. उनका जन्म 18 नवंबर 1986 को चंडीगढ़ में हुआ था. उन्होंने कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में BTech किया है. IPS बनने से पहले वह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थीं. कंपनी की ओर से उन्हें अमेरिका भेजे जाने का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने के बजाय सिविल सेवा में जाने का फैसला किया.

सुनीति ने UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की. शुरुआती दो प्रयासों में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन तीसरे प्रयास में वह परीक्षा पास कर IPS अधिकारी बनीं. उनकी पहली पोस्टिंग 2015 में मथुरा में हुई थी. इसके बाद उन्होंने सहारनपुर में ACP और CO सिटी के तौर पर काम किया. सुनीति ने अपने करियर में औरैया, अमरोहा और कानपुर देहात जैसे जिलों में भी जिम्मेदारी संभाली. उन्हें DGP की ओर से सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है. सुनीति को संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के लिए दक्षिण सूडान में प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए भी चुना गया था.

प्रीति यादव: 22 साल की उम्र में UPSC पास कर बनीं IPS

प्रीति यादव 2019 बैच की IPS अधिकारी हैं. वह हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं. उनका जन्म 10 अप्रैल 1996 को हुआ था. उनके पिता मुकेश यादव चंडीगढ़ पुलिस में हेड कांस्टेबल रहे हैं. पुलिस परिवार से आने वाली प्रीति ने बचपन से ही सिविल सेवा में जाने का सपना देखा था. प्रीति यादव पढ़ाई में शुरू से ही अव्वल रही हैं. उन्होंने 12वीं की परीक्षा 96.2 फीसदी अंकों के साथ पास की थी. इसके बाद भूगोल विषय से BA ऑनर्स किया.

प्रीति यादव ने 22 साल की उम्र में UPSC परीक्षा पास की थी. उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में 466वीं रैंक हासिल की और IPS के लिए चुनी गईं. उनकी पहली फील्ड पोस्टिंग सहारनपुर में ASP के तौर पर हुई. बाद में वह गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात हुईं और महिला सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े विभागों में काम किया. अक्टूबर 2026 में उन्हें नोएडा जोन-1 का DCP बनाया गया था. इसके साथ ही वह इस जोन की पहली महिला DCP बनीं.

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट से तीन महिला IPS अधिकारियों की विदाई

लक्ष्मी सिंह, सुनीति और प्रीति यादव की तैनाती अलग-अलग स्तर पर रही. लक्ष्मी सिंह ने पुलिस कमिश्नर के तौर पर पूरे गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभाली. सुनीति महिला सुरक्षा विभाग की DCP रहीं, जबकि प्रीति यादव ने नोएडा जोन की DCP के तौर पर जिम्मेदारी निभाई. तीनों अधिकारियों के तबादले के साथ नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में वरिष्ठ महिला अधिकारियों की मौजूदा टीम में बदलाव होगा.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button