उत्तर प्रदेशभारत

‘न स्वच्छ पानी- न शौचालय, मिड डे मिल भी घटिया…’ फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन, अफसरों को बताईं समस्याएं

'न स्वच्छ पानी- न शौचालय, मिड डे मिल भी घटिया...' फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन, अफसरों को बताईं समस्याएं

फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया. कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज सैकड़ों छात्र-छात्राएं कक्षाओं का बहिष्कार कर सड़क पर उतर आए. हाथों में तख्तियां और मांग-पत्र लेकर छात्रों ने विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया. अचानक हुए इस प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि लंबे समय से विद्यालय में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया. इसी वजह से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा.

छात्राओं ने भी उठाई गंभीर समस्याएं

प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना था कि शौचालयों की हालत बेहद खराब है, जिससे उन्हें रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. भीषण गर्मी के बावजूद परिसर में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो सफाई व्यवस्था सुधरी और न ही अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि कई कक्षाओं में बेंच-डेस्क टूटे हुए हैं, खेल मैदान की नियमित देखरेख नहीं होती और मिड-डे मील की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है. इन समस्याओं के कारण पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है.

प्रधानाचार्य के व्यवहार पर भी लगाए आरोप

छात्रों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य के व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप था कि छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जाता. कई बार समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती गई.

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि विद्यालय में आरओ आधारित स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए, शौचालयों की मरम्मत कराई जाए, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित हो, पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए और खेल मैदान की स्थिति में सुधार किया जाए. साथ ही उन्होंने छात्रों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की भी मांग रखी.

डीआईओएस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राकेश कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और उनका मांग-पत्र प्राप्त किया. डीआईओएस ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान कराया जाएगा.

डीआईओएस के आश्वासन के बाद छात्रों ने फिलहाल अपना धरना समाप्त कर दिया. हालांकि उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. अब सभी की नजर इस बात पर है कि शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन छात्रों की मांगों पर कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं.

महेश सिंह

महेश सिंह

महेश सिंह उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से हैं. कानपुर प्रयागराज के मध्य बसे इस जनपद में वर्ष 1995 से पत्रकारिता शुरू की थी. अब तक विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया संस्थानों में कार्य करने का अवसर अपने गृह जनपद में मिला. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष के लिए सेवाएं जारी हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button