नोएडा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, 4 साल के मासूम को कुचला; मंदिर के पास हुआ हादसा


मासूम को स्कॉर्पियो ने कुचला
उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वही स्कॉर्पियो कार को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है.
मृतक बच्चे के पिता अमित के मुताबिक, उनकी पत्नी बच्चे को लेकर मंदिर में पूजा करने गई थी. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार वहां पहुंची और बच्चा उसकी चपेट में आ गया. हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित पिता अमित ने कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
चालक हिरासत में पुलिस कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार को थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में हनुमान मूर्ति के पास वाहन संख्या UP16EY5007 के चालक ने एक बालक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. उधर, मासूम की मौत से परिवार में शोक का माहौल है और परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.





