उत्तर प्रदेशभारत

दीक्षा देने के बहाने आश्रम में दरिंदगी… वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर गंभीर आरोप, कोर्ट पहुंचा मामला

दीक्षा देने के बहाने आश्रम में दरिंदगी… वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर गंभीर आरोप, कोर्ट पहुंचा मामला

डॉ. इंद्रदेव सरस्वती महाराज पर दुष्कर्म का आरोप.

Vrindavan Ashram Rape Case: वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. इंद्रदेव सरस्वती महाराज गंभीर कानूनी विवादों में घिर गए हैं. महाराष्ट्र के ठाणे जिले की रहने वाली एक 42 वर्षीय महिला ने उन पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो कॉल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत पर महाराष्ट्र के काशीमीरा थाने में दर्ज हुई जीरो एफआईआर (Zero FIR) अब वृंदावन पुलिस को ट्रांसफर कर दी गई है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, इस पूरे प्रकरण में न्यायालय में भी एक याचिका दाखिल की गई है, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बिहार की रहने वाली 42 वर्षीय महिला वर्तमान में अपने पति और दो बेटियों के साथ महाराष्ट्र के ठाणे में रहती है. शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2023 में मुंबई के सांताक्रूज में आयोजित एक सत्संग के दौरान महिला ने डॉ. इंद्रदेव महाराज से दीक्षा ली थी. आरोप है कि उस समय महाराज ने महिला की पारिवारिक समस्याएं दूर करने का भरोसा देते हुए लगातार संपर्क में रहने को कहा था.

महिला का आरोप है कि दिसंबर 2023 में वह अपनी बेटियों के साथ वृंदावन स्थित श्री राधा किशोरी सेवा धाम आश्रम आई थी. इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे महाराज ने उसे अपने कमरे में बुलाया. पीड़िता के मुताबिक, कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद होने की बात कहकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए. साथ ही उस पर अश्लील वीडियो कॉल करने के भी आरोप हैं.

शिकायतकर्ता महिला ने ये भी दावा किया है कि बाद में एक अन्य महिला से बातचीत के दौरान उसे महाराज के आचरण से जुड़ी कई अन्य चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं. महिला ने दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग साझा करने का दावा किया है. आरोप है कि जब डॉ. इंद्रदेव महाराज को इस बात की भनक लगी, तो उन्होंने 17 जून 2026 को फोन कर महिला को धमकी दी, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली.

ये भी पढ़ें: नदी में डूब रही थी पोती, दादा-दादी ने मासूम को किनारे फेंककर बचाया लेकिन गंवा दी अपनी जान

आश्रम जाकर साक्ष्य जुटाएगी पुलिस, कोर्ट ने भी स्वीकार की याचिका

महाराष्ट्र के काशीमीरा थाने से केस ट्रांसफर होकर वृंदावन पहुंचने के बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर जांच तेज कर दी है. सीओ वृंदावन संदीप कुमार के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला को बुलाकर उसके बयान दर्ज किए जा चुके हैं. पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है और साक्ष्य जुटाने के लिए जल्द ही संबंधित आश्रम जाकर भी पूछताछ करेगी. पुलिस जांच के साथ-साथ यह मामला अब कोर्ट की दहलीज तक भी पहुंच गया है. जानकारी के मुताबिक, डॉ. इंद्रदेव महाराज के खिलाफ न्यायालय में एक याचिका दाखिल की गई है, जिसे अदालत ने सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

कान्हा अग्रवाल, मथुरा

कान्हा अग्रवाल, मथुरा

पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता कर रहा हूं, इस दौरान कई संस्थानों के साथ मिलकर कार्य किया है. फिलहाल TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़ा हुआ हूं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button