उत्तर प्रदेशभारत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा अपडेट, DND से जैतपुर का काम पूरा… जयपुर-फरीदाबाद से लेकर नोएडा-गाजियाबाद वालों को भी होगा फायदा

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा अपडेट, DND से जैतपुर का काम पूरा... जयपुर-फरीदाबाद से लेकर नोएडा-गाजियाबाद वालों को भी होगा फायदा

दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. डीएनडी (DND) फ्लाईवे से लेकर जैतपुर तक का लगभग 9 किलोमीटर लंबा हिस्सा बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है. अगले महीने यानी जून 2026 में इस बेहद महत्वपूर्ण खंड को आम जनता और वाहनों के लिए खोले जाने की पूरी संभावना है. इस हिस्से के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर के लाखों ड्राइवरों को भारी जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है.

इस नए रूट के खुल जाने से कई क्षेत्रों के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा. जिनमें पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, पलवल, सोहना और जयपुर शामिल हैं.

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को इस नवनिर्मित खंड का हवाई और जमीनी निरीक्षण करेंगे. इस ट्रायल के बाद उद्घाटन का अंतिम प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजा जाएगा.

एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स

लगभग 1,836 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 9 किलोमीटर का हिस्सा सराय काले खां के पास DND फ्लाईवे से शुरू होता है. इस पर आने-जाने के लिए शानदार कनेक्टिविटी दी गई है. पहला रास्ता DND फ्लाईवे पर पूर्वी दिल्ली और नोएडा से आश्रम की तरफ आ रहे मार्ग पर है. दूसरा रास्ता रिंग रोड से आश्रम जाने वाले मार्ग से कनेक्ट होता है. इसके बाद मीठापुर के पास एनटीपीसी ईको पार्क के पास भी एंट्री-एग्जिट की सुविधा है. एक्सप्रेसवे से दिल्ली में प्रवेश करने वालों के लिए तैमूर नगर के पास तीन विकल्प मिलेंगे. पहला आश्रम रिंग रोड, दूसरा आश्रम फ्लाईओवर और तीसरा सराय काले खां रिंग रोड पर जाकर उतरता है.

ये भी पढ़ें:कल से 24 अतिरिक्त फेरे लगाएगी दिल्ली मेट्रो, PM मोदी की अपील के बाद DMRC का बड़ा फैसला

डिजाइन में बदलाव से टला बड़ा संकट

इस प्रोजेक्ट को पहले सितंबर 2025 तक पूरा होना था, लेकिन आगरा कैनाल पर पिलर बनाने को लेकर यूपी सिंचाई विभाग की आपत्तियों के बाद इसके डिजाइन में बड़ा बदलाव करना पड़ा. कैनाल के पानी का प्रवाह न रुके, इसके लिए NHAI ने बिना पिलर वाला 130 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज तैयार किया है. हालांकि इससे लागत जरूर बढ़ी, लेकिन जून 2026 की समय-सीमा से पहले काम को लगभग पूरा कर लिया गया है. फिलहाल स्ट्रीट लाइटें और मार्किंग का काम हो चुका है, बस कैमरों का इंस्टॉलेशन बाकी है.

12 घंटे में दिल्ली से मुंबई?

यह पूरा एक्सप्रेसवे 1,380 किलोमीटर लंबा है, जो दिल्ली से शुरू होकर हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात होते हुए मुंबई पहुंचेगा. इसके पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली से मुंबई की दूरी मात्र 12 घंटे और दिल्ली से जयपुर का सफर सिर्फ ढाई घंटे में तय किया जा सकेगा.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button