उत्तर प्रदेशभारत

दिल्ली-नोएडा में छठ पूजा पर ट्रैफिक अलर्ट! 15-16 नवंबर को बदलेंगे रास्ते, घर से निकलने से पहले जान लें रूट

दिल्ली-नोएडा में छठ पूजा पर ट्रैफिक अलर्ट! 15-16 नवंबर को बदलेंगे रास्ते, घर से निकलने से पहले जान लें रूट

ट्रैफिक डायवर्जन

छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली- नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 और 16 नवंबर को दो दिनों तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा. श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस के साथ ही गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है. ऐसे में इन दो दिनों में दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर कर लें.

दरअसल, छठ पूजा के अवसर पर यमुना नदी के कालिंदी कुंज, हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर/बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए इन स्थानों के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा. इस दौरान जरूरत के अनुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का भी डायवर्जन किया जाएगा.

इन रास्तों पर लागू रहेगा डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन डीएनडी और चिल्ला मार्ग के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. वहीं, सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ भेजा जाएगा. इसके बाद वाहन डीएनडी और चिल्ला होकर दिल्ली जा सकेंगे.

सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 की ओर जाने वाले यातायात को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोलचक्कर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे. फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की तरफ भेजा जाएगा. ये वाहन सोरखा और बिसरख होकर जा सकेंगे.

इसी तरह किसान चौक से पर्थला जाने वाले वाहनों को बिसरख की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से सोरखा होकर पर्थला पहुंच सकेंगे. जबकि पर्थला से किसान चौक जाने वाले वाहनों को पर्थला गोलचक्कर से सोरखा की तरफ भेजा जाएगा. इसके बाद वाहन बिसरख होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.

दिल्ली पुलिस ने भी जारी की एडवाइजरी

छठ पूजा के लेकर दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, 15 और 16 नवंबर 2026 को होने वाली छठ पूजा के मद्देनजर, राम घाट, सूर घाट, बजरंगी घाट, वासुदेव घाट और हाथी घाट सहित यमुना के विभिन्न घाटों की ओर जाने वाली और उनसे सटी सड़कों पर यातायात नियम लागू रहेंगे.

एंबुलेंस और फायर सर्विस वाहनों को मिलेगी छूट

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. ट्रैफिक संबंधी किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और 7065100100 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा एक्स हैंडल @noidatraffic पर भी यातायात से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button