उत्तर प्रदेशभारत

‘DM-SP को बुलाइए, तभी होगी बात’… बहराइच नवोदय विद्यालय में धरने पर बैठे छात्र, जानें पूरा मामला

'DM-SP को बुलाइए, तभी होगी बात'... बहराइच नवोदय विद्यालय में धरने पर बैठे छात्र, जानें पूरा मामला

बहराइच नवोदय विद्यालय के छात्र धरने पर बैठे.

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नवोदय विद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की. मामला पूर्व छात्र सतीश कुमार राना की सड़क हादसे में मौत से जुड़ा है. छात्रों का आरोप है कि सतीश कुमार कई बार विद्यालय में अपनी टीसी लेने आया था, लेकिन उसे बार-बार वापस भेज दिया गया.

टीसी लेने के लिए 5वीं बार आया था छात्र

बताया जा रहा कि सतीश कुमार राना ने नवोदय विद्यालय से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की थी. पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे आगे की शिक्षा के लिए विद्यालय से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) की जरूरत थी. आरोप है कि टीसी लेने के लिए वह अपने भाई के साथ कई बार नवोदय विद्यालय पहुंचा. छात्रों का कहना है कि सतीश कुमार करीब 5वीं बार टीसी लेने के लिए विद्यालय आया था. इससे पहले भी वह कई बार विद्यालय पहुंचा, लेकिन उसकी टीसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.

ये भी पढ़ें- अब लखनऊ में Gen Alpha का प्रदर्शन, शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरे छात्र; जाम में फंसे योगी के मंत्री

अध्यापक पर टीसी नहीं देने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विद्यालय की अध्यापक अनीता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रों का कहना है कि सतीश कुमार बार-बार टीसी लेने के लिए विद्यालय आता रहा, लेकिन अध्यापक की ओर से आवश्यक हस्ताक्षर नहीं किए गए. आरोप है कि हस्ताक्षर नहीं होने के कारण छात्र को हर बार वापस लौटना पड़ता था. छात्रों के मुताबिक, शुक्रवार को भी सतीश कुमार टीसी लेने के लिए विद्यालय पहुंचा था. बताया जा रहा कि हस्ताक्षर होने के बावजूद उसे टीसी नहीं दी गई.

छात्रों के अनुसार, विद्यालय से टीसी लेने के लिए आने-जाने के दौरान ही सतीश कुमार सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद नवोदय विद्यालय के छात्रों में आक्रोश फैल गया. छात्रों ने विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पूरे मामले की जांच की मांग की. प्रदर्शनकारी छात्र इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

डीएम और एसपी को बुलाने की मांग

विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग की. छात्रों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. यह पता लगाया जाना चाहिए कि सतीश कुमार को टीसी लेने के लिए बार-बार विद्यालय क्यों आना पड़ा? छात्रों ने आरोपों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है. प्रदर्शन के कारण विद्यालय परिसर में काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button