‘हम दुर्गा का रूप हैं, 5 मिनट में हिन्दू राष्ट्र बना देंगे…’ मुरादाबाद में विश्व हिन्दू महासंघ की महिला नेता का चैलेंज

विश्व हिन्दू महासंघ (भारत) की महिला नेता तूलिका शर्मा
मुरादाबाद में विश्व हिन्दू महासंघ (भारत) की ओर से हिन्दू राष्ट्र की मांग को लेकर भव्य महायज्ञ व सम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में महासंघ की प्रदेश महामंत्री तूलिका शर्मा ने ओवैसी बंधुओं के एक बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर किसी ने कहा था कि 15 मिनट के लिए पुलिस हटाकर देखो, तो वे अब कहती हैं कि उन्हें सिर्फ पांच मिनट दे दीजिए, हर नारी सौ पुरुषों के बराबर है. हम मातृशक्ति हैं. दुर्गा और चंडी का रूप हैं. पांच मिनट में हिन्दू राष्ट्र बना देंगे.
तूलिका शर्मा ने कहा कि हिन्दू धर्म हजारों वर्षों पुराना है और इस भूमि पर जो लोग बाद में आए, वे प्रचार और लूट के उद्देश्य से आए थे. उनका तर्क था कि जिन लोगों ने धर्म परिवर्तन किए, उन्होंने ही देश को बांटने में भूमिका निभाई. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश बनने के बाद जो लोग इस देश में रह गए वे हिन्दू हैं और अब जो यहां रहे हैं या तो हिन्दू बन जाएं या देश छोड़ दें. यह संदेश उन्होंने सभा में साफ तौर पर व्यक्त किया.
‘मातृशक्ति तलवार और लाठी चलाना भी जानती है’
तूलिका शर्मा ने कहा कि मातृशक्ति तलवार और लाठी चलाना भी जानती है और उनकी बातों में किसी प्रकार का भय नहीं है. अगर आजमाना है तो उन्हें आजमाकर देखा जा सकता है. सभा में यह भी दोहराया गया कि भारत हिन्दू राष्ट्र था, है और रहेगा, तथा प्रधानमंत्री से अपील की गई कि इसे औपचारिक रूप से हिन्दू राष्ट्र घोषित किया जाए. उनका कहना था कि यह निर्णय देश की पीढ़ियों और संस्कृति के अनुरूप होगा.
क्या कहा था अकबरुद्दीन ओवैसी ने?
कार्यक्रम के दौरान ओवैसी बंधुओं के पुराने विवादित बयान का तूलिका शर्मा ने हवाला भी दिया. वर्ष 2012 में अकबरुद्दीन ओवैसी ने कथित रूप से कहा था कि अगर देश से पंद्रह मिनट के लिये पुलिस हटा दी जाए तो पता चल जाएगा कि कौन ताकतवर है. उस वक्त यह बयान विवादों का कारण बना था, हालांकि बाद में अदालत ने उन्हें बरी कर दिया था.
महायज्ञ व सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तूलिका शर्मा के बयान का जोरदार समर्थन किया और धार्मिक तथा सांस्कृतिक पहचान की रक्षा की बात दोहरायी. कार्यक्रम में रहे आयोजकों ने शांतिपूर्ण माहौल में अपने वादों और मांगों को लेकर केंद्र तथा राज्य सरकार को पत्र भेजने की भी तैयारी बतायी.
