उत्तर प्रदेशभारत

सगे भाई ने बहन को बनाया बंधक, दो साल तक किया यौन शोषण… पेन कैमरे ने खोली हैवानियत की पोल

सगे भाई ने बहन को बनाया बंधक, दो साल तक किया यौन शोषण… पेन कैमरे ने खोली हैवानियत की पोल

पीड़ित युवती

भाई-बहन का रिश्ता प्यार, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सामने आई एक घटना ने इस रिश्ते को शर्मसार कर दिया है. यहां 22 साल की युवती ने अपने ही सगे भाई पर करीब दो साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. युवती का आरोप है कि भाई उसे डराकर चुप रखता था. जब उसे लगा कि उसकी बात पर कोई विश्वास नहीं करेगा तो उसने स्पाई पेन कैमरे की मदद से आरोपी की कथित करतूत रिकॉर्ड कर ली. लेकिन जब उसने यह वीडियो अपने माता-पिता को दिखाया तो आरोप है कि उन्होंने बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय बेटी को ही घर में कैद कर दिया. आखिरकार समाजसेवी साक्षी मिश्रा की मदद से पुलिस ने युवती को घर से मुक्त कराया और आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया.

मामला बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र का है. युवती और उसका सगा भाई जीएनएम की पढ़ाई पूरी करने के बाद बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित सैटेलाइट इलाके में किराये के मकान में रहते थे. दोनों अलग-अलग निजी अस्पतालों में नौकरी करते थे. पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान उसका भाई पिछले करीब दो साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था.

स्पाई पेन कैमरे में रिकॉर्ड किया वीडियो

युवती का आरोप है कि जब भी वह भाई की हरकतों का विरोध करती या पुलिस में शिकायत करने की बात कहती तो आरोपी आत्महत्या करने की धमकी देने लगता था. वह कहता था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह फांसी लगाकर जान दे देगा. माता-पिता को लेकर भी वह इसी तरह की धमकियां देता था. परिवार की बदनामी और माता-पिता को कुछ हो जाने के डर से युवती लंबे समय तक चुप रही.

पीड़िता का कहना है कि उसने अपनी परेशानी माता-पिता और अस्पताल में काम करने वाले कुछ लोगों को भी बताई थी, लेकिन किसी ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया. इसके बाद उसने स्पाई पेन कैमरा खरीदा और कमरे में छिपाकर रख दिया. आरोप है कि कैमरे में भाई की करतूत रिकॉर्ड हो गई. इस वीडियो को युवती ने अपने आरोपों के सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा.

बेटी को ही कर दिया कैद

दीपावली के दौरान युवती अपने भाई के साथ बरेली से दातागंज स्थित घर पहुंची. यहां उसने माता-पिता को पेन कैमरे में रिकॉर्ड वीडियो दिखाया. उसे उम्मीद थी कि परिवार उसका साथ देगा, लेकिन युवती का आरोप है कि माता-पिता ने बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने की कोशिश की.

आरोप है कि भाई को वापस बरेली भेज दिया गया, जबकि युवती को घर में ही रोक लिया गया. उसकी नौकरी छुड़वा दी गई और बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई. यहां तक कि उसे रिश्तेदारों और चचेरी बहनों से मिलने तथा फोन पर बातचीत करने की भी अनुमति नहीं थी. युवती के मुताबिक, उसके माता-पिता इलाके में प्रभावशाली हैं और तीन बार ग्राम प्रधान रह चुके हैं. उसे स्थानीय स्तर पर मदद नहीं मिलने का डर था.

इंटरनेट से नंबर खोजकर मांगी मदद

घर में बंद युवती ने हार नहीं मानी. उसने इंटरनेट के माध्यम से समाजसेवी साक्षी मिश्रा का मोबाइल नंबर खोजा और उनसे संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई. शुरुआत में साक्षी को भी मामले की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन युवती की ओर से वीडियो भेजे जाने के बाद उन्होंने मदद करने का फैसला किया. साक्षी मिश्रा अपने पति अजितेश के साथ दातागंज पहुंचीं और पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद पुलिस की मदद से युवती को घर से बाहर निकाला गया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

नौकरी करना चाहती है युवती

फिलहाल युवती समाजसेवी साक्षी मिश्रा के घर बरेली में रह रही है. उसका कहना है कि वह अब माता-पिता के पास वापस नहीं जाना चाहती. उसे आशंका है कि परिवार की ओर से उस पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा सकता है. युवती अब बरेली में रहकर दोबारा नौकरी करना और अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती है. साक्षी मिश्रा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिस घर में बेटी को सुरक्षा और अपनापन मिलना चाहिए, वहीं उसे मदद के लिए बाहर के लोगों का सहारा लेना पड़ा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button