श्रद्धा दुबे की जेल में पहली रात कैसी गुजरी? मच्छरों ने किया परेशान, बेचैन दिखीं दोनों बहनें

लखनऊ जिला जेल में बंद है श्रद्धा दुबे.
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश की मुश्किलें बढ़ गई हैं. CJM कोर्ट ने तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी है. कोर्ट ने अपराध को गंभीर बताते हुए कहा कि जमानत देने का कोई आधार नहीं है. वहीं, जिला जेल में पहली रात श्रद्धा और रश्मि की बेचैनी में कटी. जेल के नए माहौल और मच्छरों के कारण दोनों बहनों को ठीक से नींद नहीं आई. दूसरी तरफ, ड्राइवर दानिश भी तनाव में रहा और उसने खाना भी पूरा नहीं खाया.
तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज
शिवा शर्मा केस में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश को बीते गुरुवार को CJM कोर्ट में पेश किया गया था. कोर्ट ने तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था. इसके बाद शुक्रवार को आरोपियों की ओर से जमानत के लिए अर्जी दाखिल की गई, लेकिन कोर्ट ने तीनों की अर्जी खारिज कर दी. कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए कहा कि फिलहाल जमानत देने का कोई आधार नहीं है. तीनों को लखनऊ जिला कारागार में रखा गया है.
ये भी पढ़ें- अभी लखनऊ जेल में ही कटेंगी श्रद्धा दुबे की रातें, कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज; जज ने क्या कहा?
महिला बैरक में रखी गईं श्रद्धा और रश्मि
गुरुवार रात करीब 8:30 बजे तीनों आरोपियों को जिला जेल में दाखिल किया गया. जेल सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा और रश्मि को महिला क्वारंटीन बैरक में रखा गया है. जेल में पहली रात दोनों बहनों के लिए आसान नहीं रही. दोनों ने जेल का सामान्य खाना खाया, लेकिन इसके बाद काफी देर तक सो नहीं सकीं. वे देर रात तक आपस में बातचीत करती रहीं. बाद में जब बिस्तर पर लेटीं तो मच्छरों और नए माहौल के कारण बार-बार करवटें बदलती रहीं.
शुक्रवार सुबह दोनों तय समय पर उठीं और जेल के नियमों के मुताबिक स्नान किया. नाश्ते में उन्हें दलिया दिया गया, जिसे उन्होंने सामान्य रूप से खाया. जेल में दोनों की सुरक्षा के लिए चार महिला बंदी रक्षक तैनात की गई हैं.
दानिश ने आधी रोटी खाकर छोड़ी थाली
तीसरे आरोपी श्रद्धा दुबे के ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश की पहली रात भी तनाव में बीती. जेल सूत्रों के अनुसार, उसने खाना तो लिया, लेकिन घबराहट के कारण आधी रोटी खाने के बाद ही थाली छोड़ दी. रात में वह भी ठीक से सो नहीं पाया. दानिश को पुरुष बैरक में रखा गया है, जहां उसकी निगरानी CCTV कैमरों के जरिए की जा रही है.
नेपाल से नागपुर तक भागे थे आरोपी
बता दें कि 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी. इस मामले में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश पर आरोप लगे. घटना के बाद तीनों फरार हो गए थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल सीमा के रुपईडीहा में कार छोड़कर करीब एक हफ्ते तक नेपाल में छिपे रहे. इसके बाद वे नागपुर पहुंच गए, जहां से यूपी STF ने तीनों को गिरफ्तार किया.
मोबाइल और चैट की जांच की तैयारी
पुलिस अब मामले से जुड़े डिजिटल सबूतों की जांच की तैयारी कर रही है. इसके तहत मोबाइल फोन, चैट और वीडियो फुटेज की फॉरेंसिक जांच कराई जा सकती है. जांच का उद्देश्य घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाना है. फिलहाल तीनों आरोपी जेल में हैं और उनकी जमानत अर्जियां खारिज हो चुकी हैं.





