वाराणसी में BJP की करारी हार, दोनों सीटों पर सपा का कब्जा


अखिलेश यादव और आशुतोष सिन्हाImage Credit source: Facebook/Ashutosh Sinha
उत्तर प्रदेश MLC चुनाव में वाराणसी स्नातक सीट का भी रिजल्ट आ गया है. इस सीट पर भी समाजवादी पार्टी ने बाजी मारी है. यहां से सपा के आशुतोष सिन्हा जीते हैं. वह 18 हजार से अधिक वोटों से जीते हैं. अब वाराणसी की दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है. इससे पहले वाराणसी शिक्षक सीट का रिजल्ट आया था, जिसमें सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है.
वाराणसी एमएलसी ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा ने बीजेपी के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह को 18,459 वोटों से हराया. मतगणना के 23वें दौर के बाद आशुतोष सिन्हा को 53,573 वोट मिले थे, जबकि केदारनाथ सिंह को 35,114 वोट मिले थे.आशुतोष सिन्हा दूसरी बार एमएलसी निर्वाचित हुए. जीत के बाद उन्होंने कहा कि ‘अभी तो यह झांकी है, पूरा उत्तर प्रदेश बाकी है’.
इस चुनाव में वाराणसी की दोनों सीटों पर समाजवाटी पार्टी के कब्जे के बाद पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि ‘डबल इंजन, डबल जीरो’.
डबल इंजन का डबल ज़ीरो!
#वाराणसी
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 29, 2026
सपा ने MLC चुनाव में जीतीं 5 सीटें
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने अपनी 6 सीटें बरकरार रखी हैं, जबकि सपा ने पांच सीटें जीती हैं, जिससे पिछले चुनाव के मुकाबले उसकी सीटों की संख्या में दो की बढ़ोतरी हुई है. ये नतीजे अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले आए हैं, जिसमें BJP लगातार तीसरी बार जीतने की कवायद में जुटी हुई है.
बीजेपी ने मेरठ, बरेली-मुरादाबाद, लखनऊ, आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद की सीटें बरकरार रखी हैं, जिसमें गोरखपुर-फैजाबाद टीचर सीट भी 307 वोटों के मामूली अंतर से जीती. हालांकि पार्टी को वाराणसी में झटका लगा, जहां सपा ने ग्रेजुएट और टीचर दोनों सीटों पर जीत हासिल की. इसके अलावा सपा ने आगरा टीचर सीट, इलाहाबाद-झांसी ग्रेजुएट सीट और लखनऊ ग्रेजुएट सीट भी जीती. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने नतीजों को BJP के लिए एक बड़ा झटका बताया और दावा किया कि यूपी MLC चुनावों में पार्टी का पूरी तरह सफाया हो गया है.
ये भी पढ़ें: JDU में फिर कलह! ललन सिंह को लेकर सवाल पर भड़के नीरज कुमार, कहा- मिलने का सवाल ही नहीं





