महाराष्ट्र के चंद्रपुर में भीषण हादसा, ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर; 6 यात्रियों की मौत… 2 की हालत गंभीर

ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर.
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. राजुरा-गडचांदूर मार्ग पर कापनगांव के पास राजुरा से पांचगांव की ओर जा रही एक ऑटो को सामने से आ रहे हाईवा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में छह यात्रियों मौत हो गई, जबकि एक गंभीर यात्री को चंद्रपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं एक अन्य घायल का राजुरा उप जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.
यह दर्दनाक हादसा 28 अगस्त की शाम को हुआ. बताया जा रहा है कि राजुरा से पांचगांव की एक ऑटो चालक यात्रियों को लेकर जा रहा था. इसी दरम्यान सामने से आ रहे हाईवा ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरे ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन यात्रियों की मौत हो गई. तीन घायलों को चंद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई.
हादसे में इन 6 लोगों ने गंवाई जान
इस हादसे में पांचगांव निवासी रवींद्र हरी बोबडे, कोची निवासी शंकर कारू पिपरे, खामोना निवासी वर्षा बंडू मांदळे, पांचगांव निवासी तनु सुभाष पिंपळकर, पांचगांव निवासी ताराबाई नानाजी पापुलवार और ऑटो चालक पांचगांव निवासी प्रकाश मेश्राम की मौत हो गई. वहीं पांचगांव निवासी निर्मला रावजी झाडे को चंद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है और भुरकुंडा निवासी भोजराज महादेव कोडापे का राजुरा उप जिला अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद मृतकों का परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही राजुरा पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचा कर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. घटना के विषय में राजुरा के थानेदार सुमित परतेकी ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. हादसे में छह लोगों की मौत हुई है. वहीं दो अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

