रिलीज से छह दिन पहले ‘धुरंधर 2’ पर मंडराया संकट, सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लगे आरोप

रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ को रिलीज होने में कुछ ही दिन बाकी हैं. इसी बीच रिलीज से महज छह दिन पहले ही ये फिल्म विवादों में घिरती नजर आ रही है. हाल ही में खबरें सामने आई हैं कि फिल्म को लेकर कुछ लोगों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगाए हैं. जिसके चलते फिल्म के निर्माताओं को भी नोटिस भेजा गया है.
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लगे आरोप
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ पर सिख समुदाय ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए हैं. जिसके चलते फिल्म के निर्माताओं और संबंधित पक्षों को कानूनी नोटिस भी भेजा गया है. नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के कुछ सीन और प्रचार सामग्री में एक सिख सरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है, जो सिख धर्म की मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं.
सिख नहीं खाते तंबाकू
इस कानूनी नोटिस में कहा गया है कि सिख धर्म में तंबाकू और धूम्रपान का सख्त निषेध है. ऐसे में फिल्म में इस तरह का सीन दिखाना न केवल धार्मिक रूप से असंवेदनशील है बल्कि ये पूरे सिख समुदाय की आस्था का अपमान भी माना जा रहा है. नोटिस भेजने वाले पक्ष ने मांग की है कि फिल्म से सिख सरदार को धूम्रपान करते दिखाने वाले सभी दृश्य तुरंत हटाए जाएं और साथ ही फिल्म से जुड़े पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री से भी ऐसे दृश्य हटाए जाएं.
माफी मांगने की अपील
इसके अलावा निर्माताओं से ये भी कहा गया है कि वो सार्वजनिक रूप से सिख समुदाय से माफी मांगें, ताकि धार्मिक भावनाओं को पहुंचे आघात की भरपाई हो सके. नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय के भीतर इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो फिल्म के निर्माताओं और संबंधित पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि ये फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इससे पहले 18 मार्च को फिल्म के पेड प्रिव्यूज भी रखे गए हैं. ऐसे में फिल्म की रिलीज से कुछ दिन पहले ही विवादों में घिर जाना अच्छा नहीं हैं.



