उत्तर प्रदेशभारत

मौसेरे भाई की पत्नी से शादी की चाहत… प्रेमिका की सहेली के घर से चुराए गहने, बेचकर जुआ खेला-खरीदी कार; कैसे पकड़ा गया?

मौसेरे भाई की पत्नी से शादी की चाहत… प्रेमिका की सहेली के घर से चुराए गहने, बेचकर जुआ खेला-खरीदी कार; कैसे पकड़ा गया?

इटावा चोरी मामला

उत्तर प्रदेश के इटावा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक अपने मौसेरे भाई की पत्नी से शादी करना चाहता था. इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी. इसी बीच महिला की एक सहेली के सोशल मीडिया स्टेटस पर सोने-चांदी के जेवर पहने फोटो देखकर उसने चोरी की साजिश रच डाली. युवक ने महिला के साथ मिलकर अपने एक साथी को भी योजना में शामिल किया और घर से लाखों के जेवर व नकदी चोरी कर ली. फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन पुरुषों और एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये के जेवर, 2.32 लाख रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदी गई कार बरामद की है.

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी गौतम यादव ने बताया कि करीब चार साल पहले एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात पूजा यादव से हुई थी. पूजा उसके मौसेरे भाई अवनीश यादव की पत्नी है. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोस्ती हो गई. पुलिस के मुताबिक, पूजा गौतम से शादी करना चाहती थी. हालांकि, गौतम ने उसे बताया था कि दोनों पहले से शादीशुदा हैं और उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है.

सोशल मीडिया स्टेटस देखकर बनाई चोरी की योजना

पुलिस के अनुसार, पूजा की दोस्त सीमा देवी सोशल मीडिया पर सोने-चांदी के जेवर पहने हुए अपनी तस्वीरें स्टेटस पर लगाती थीं. पूजा ने ये तस्वीरें देखीं और उसे पता चला कि सीमा के पास काफी कीमती आभूषण हैं. उसने इसकी जानकारी गौतम को दी. इसके बाद दोनों ने जेवर चोरी कर पैसे जुटाने की योजना बनाई. वारदात को अंजाम देने के लिए आसिफ मंसूरी को भी साथ मिला लिया.

घर का ताला तोड़कर उड़ाए जेवर और नकदी

आरोपियों ने वारदात को तब अंजाम दिया, जब सीमा देवी के घर पर कोई मौजूद नहीं था. गौतम, पूजा और आसिफ ने मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली. घटना 3-4 मार्च दरमियानी रात की है. इसका खुलासा अब हुआ है.

चोरी के बाद आरोपियों ने जेवर अलग-अलग सुनारों को बेच दिए. इटावा के राम वर्मा ने कुछ आभूषण खरीदे और उन्हें गला दिया. वहीं, कुछ जेवर आगरा के माही ज्वैलर्स के मालिक विजय माने को बेचे गए.

जुआ खेलने और घूमने में खर्च किए पैसे

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी के जेवर बेचकर मिले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, जुआ खेलने और घूमने-फिरने में किया गया. गौतम ने चोरी की रकम से करीब दो महीने पहले 2.70 लाख रुपये देकर फाइनेंस पर पुरानी स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी.

खंडहर के पास कर रहे थे पैसों का बंटवारा

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी. 24 और 25 नवंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि देशरमऊ रोड हाईवे अंडरपास के पास एक खंडहर के नजदीक कुछ लोग कार में चोरी के सामान और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं. पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम यादव, आसिफ मंसूरी, राम वर्मा और पूजा यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने 35.850 ग्राम सोने के जेवर, 541 ग्राम चांदी के आभूषण और 2.32 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. चोरी के पैसों से खरीदी गई कार भी जब्त की गई है.

आगरा के सुनार विजय माने की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस के मुताबिक, गौतम पर पहले से नौ और आसिफ पर दो मुकदमे दर्ज हैं. इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है.

उवैस चौधरी

उवैस चौधरी

उवैस चौधरी को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 13 से अधिक वर्षों का अनुभव है. नेशनल न्यूज चैनल GNN में बतौर स्ट्रिंगर जिला संवाददाता के रूप में उन्होंने करियर की शुरुआत की. उसके बाद APN News, Hindi Khabar, One India.com , Bhaskar.com , Navbharat.com , Republic Bharat Channel, India Daily Live जैसे संस्थानों में रहे. उनकी वीडियो कंटेंट और डिजिटल कंटेंट पर अच्छी पकड़ है. क्राइम और राजनीति की खबरों में दिलचस्पी अधिक हैं.

करीब 7 वर्ष तक Bhaskar.com में काम करने के चलते डिजिटल खबरों की अच्छी जानकारी है. भास्कर में बतौर स्टाफ रिपोर्टर भी काम कर चुके हैं. घूमने का शौक रखते हैं. कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है.  वर्तमान में Tv9 डिजिटल में बतौर जिला संवाददाता के रूप कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button