मंडप के चारों ओर पुलिस, ऊपर उड़ा ड्रोन, बारातियों की चेकिंग… मेरठ की इस शादी में इतनी सिक्योरिटी क्यों?

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई शादी (सांकेतिक तस्वीर)Image Credit source: Meta AI
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक शादी खासी चर्चा का विषय रही. इस शादी को खास सुरक्षा व्यवस्था के दौरान पूरा कराया गया. डर के साये में हुई इस शादी के पीछे एक शख्स की धमकी रही. शहर के मोदीपुरम इलाके में एक परिवार की खुशियों पर उस समय डर का साया छा गया जब एक युवक ने एकतरफा प्यार में अंधे होकर दुल्हन पक्ष को जान से मारने की धमकी दे डाली. लड़की की शादी 30 नवंबर को तय थी लेकिन शादी से दो दिन पहले हुई एक घटना ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया.
मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली एक युवती का करीब ढाई साल पहले सोनू नाम के युवक से परिचय हुआ था. सोनू टैक्सी चलाता है और सरधना रोड का रहने वाला है. शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती और फिर नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन कुछ महीनों पहले जब यह बात लड़की के परिवार को पता चली तो उन्होंने युवती का बाहर आना-जाना लगभग बंद कर दिया. इसी दौरान परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी.
लड़की की शादी कहीं और तय होने की बात सोनू को नागवार गुजरी. पुलिस के मुताबिक शादी से दो दिन पहले सोनू अचानक लड़की के घर पहुंच गया. फिल्मी अंदाज में घर में घुसकर उसने परिवार को धमकाया. सोनू ने कहा कि अगर लड़की की शादी दूसरे लड़के से हुई तो वह शादी के दिन ही लड़की और होने वाले पति को गोली मार देगा. इतना ही नहीं दहशत फैलाने के लिए उसने घर में फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद घबराए परिजन पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.
शादी में पुलिस का कड़ा पहरा
परिवार की चिंता को देखते हुए पुलिस ने शादी वाले दिन सुरक्षा के बेहद सख्त इंतजाम किए. पूरे विवाह स्थल पर 15 पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया. मंडप के आसपास पहुंचने वाले रिश्तेदारों की बारीकी से जांच की गई. रिश्तेदार भी लगातार माहौल को लेकर सतर्क दिखे. सोनू के तीन-चार रिश्तेदारों को हिरासत में लिया. पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग ड्रोन कैमरों से की गई.
चार जिलों में चल रही तलाश
कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं. दिल्ली, गाजियाबाद, बागपत और मुजफ्फरनगर में आरोपी सोनू की तलाश की जा रही है. पुलिस की कड़ी सुरक्षा और सतर्कता के कारण शादी शांतिपूर्वक संपन्न हो गई. इस पूरे मामले ने इलाके में सुरक्षा को लेकर एक नई चर्चा छेड़ दी है कि एकतरफा प्यार कैसे किसी परिवार की खुशियों को खतरे में डाल सकता है.
