उत्तर प्रदेशभारत

शादी तो कर ली, अब खड़ी गई मुसीबत… तीन बहनों की एक दूल्हे संग शादी में कहां फंसा पेंच?

शादी तो कर ली, अब खड़ी गई मुसीबत... तीन बहनों की एक दूल्हे संग शादी में कहां फंसा पेंच?

पति विकास संग तीनों बहनें.

Amroha Crime News: उत्तर प्रदेश का अमरोहा जिला इन दिनों एक शादी के कारण खूब चर्चा में है. यहां तीन इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर बहनों ने अपने ही कैमरामैन से शादी करके खलबली मचा दी है. लेकिन शादी का ये मामला अब प्रशासनिक और कानूनी जांच के घेरे में आ गया है. सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बने इस विवाह में सबसे छोटी बहन के नाबालिग होने की चर्चाओं के बीच बाल कल्याण समिति (CWC), अमरोहा ने मामले का संज्ञान लिया है. समिति ने हसनपुर थाना पुलिस को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट पेश करने के सख्त निर्देश दिए हैं.

सीडब्ल्यूसी अमरोहा को सूचना मिली थी कि हसनपुर के गांव धोरिया निवासी तीन बहनों में से एक बहन छवि उर्फ संतोष संभवतः नाबालिग है. समिति ने पुलिस को पत्र भेजकर कहा है कि यदि यह तथ्य सही पाया जाता है, तो यह मामला किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा बाल विवाह से जुड़े अन्य कानूनों का सीधा उल्लंघन होगा. इसी आधार पर पुलिस से तीन कार्य दिवस में रिपोर्ट मांगी गई है.

‘कम हाइट का मतलब नाबालिग होना नहीं’- बहनों ने दी सफाई

शादी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में तीनों बहनों और उनके पति ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कई दावे किए हैं. बड़ी बहन अलका ने बताया कि उनके पिता ने बड़ी बहन के लिए सरकारी नौकरी वाले लड़के का रिश्ता तय किया था, लेकिन तीनों बहनें एक-दूसरे से अलग नहीं होना चाहती थीं. उन्होंने काफी कोशिश की कि किसी एक ही परिवार में तीन भाई मिल जाएं, पर ऐसा संभव नहीं हो सका.

बहनों ने अंततः अपने कैमरामैन विकास से शादी करने का फैसला किया. उन्होंने व्यूज के लिए शादी करने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके इंस्टाग्राम पेज (‘राजपूत गर्ल’) पर पहले से ही लाखों फॉलोअर्स और मिलियंस में व्यूज हैं.

ये भी पढ़ें: हमने सरकारी नौकरी वाला रिश्ता, एक दूल्हे संग शादी करने वाली तीन बहनों ने अब ये क्या कह डाला?

उम्र के दावों को किया खारिज

सबसे छोटी बहन संतोष के नाबालिग होने के दावों पर बड़ी बहन अलका ने कहा कि उनकी बहन पिछले साल ही 18 वर्ष की (बालिग) हो चुकी है. कम हाइट या मासूम चेहरे का मतलब नाबालिग होना नहीं होता; सरकार चाहे तो उसका मेडिकल टेस्ट करा सकती है.

पति विकास बोला- इन्हें साथ रखने का जरिया बना हूं

तीनों बहनों के पति विकास ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह चाहता तो किसी एक बहन से शादी कर सकता था. लेकिन तीनों बहनें एक-दूसरे से बिछड़ना नहीं चाहती थीं, इसलिए वह उन्हें एक साथ सुरक्षित और खुश रखने का केवल एक जरिया बना है. फिलहाल, इस अनोखी शादी को लेकर पूरे प्रदेश में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं. अब सभी की निगाहें हसनपुर पुलिस की जांच रिपोर्ट और नाबालिग होने के दावों की सच्चाई पर टिकी हुई हैं.

विपिन वर्मा

विपिन वर्मा

2009 में पत्रकारिता की शुरुआत की ओर 2009 से 2013 तक दैनिक जागरण में काम किया। उसके बाद फरबरी 2013 से न्यूज़ 24 के साथ रहा और अब TV 9 ग्रुप के साथ अमरोहा से जुड़ा हूँ।

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button