उत्तर प्रदेशभारत

‘भैंस भी हो गई चोरी, पत्नी की इज्जत भी गई…’ सदमे में पति ने थाने के सामने लगाई फांसी, दीवार पर लिख गया सिपाही की हैवानियत की कहानी

'भैंस भी हो गई चोरी, पत्नी की इज्जत भी गई...' सदमे में पति ने थाने के सामने लगाई फांसी, दीवार पर लिख गया सिपाही की हैवानियत की कहानी

पुलिस चौकी के सामने युवक ने किया सुसाइड

उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. भैंस चोरी की शिकायत दर्ज कराने के बाद जांच के नाम पर एक कांस्टेबल ने डरा-धमकाकर एक महिला से अवैध संबंध बनाए. कांस्टेबल की शर्मनाक हरकत का पता जैसे ही महिला के पति को लगा, वो सदमे में आ गया. उसने पुलिस चौकी के सामने फांसी लगाकर जान दे दी.

मामला हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां के निवासी रंजीत कुमार यादव ने अपनी भैंस के गुम हो जाने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी. यह मामला जांच के लिए हरिहरपुर पुलिस चौकी स्थानांतरित किया गया. यहां कांस्टेबल शेष कुमार मामले की जांच कर रहा था. आरोप है कि सिपाही ने जांच के नाम पर रंजीत की पत्नी को धमकाकर उससे अवैध संबंध बनाए. जब रंजीत ने इसका विरोध किया तो सिपाही ने उसे भी डरा-धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर किया.

आत्महत्या से पहले दीवार पर लिखा अपना दर्द

पुलिसिया दबाव और अपमान से टूट चुके रंजीत ने पुलिस चौकी के सामने दीवार पर सुसाइड से पहले पूरी कहानी लिखी और फिर फांसी लगाकर जान दे दी. मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम को दीवार पर लिखा सुसाइड नोट मिला, जिसमें रंजीत ने साफ तौर पर अपनी मौत के लिए सिपाही शेष कुमार को जिम्मेदार ठहराया है.

पत्नी ने भी सिपाही पर लगाए गंभीर आरोप

रंजीत की पत्नी ने भी अपने बयान में सिपाही के साथ अवैध संबंध होने की बात स्वीकार की है. उसने बताया कि सिपाही उसे धमकाकर इस घिनौने काम के लिए मजबूर करता था. पूरे गांव में घटना को लेकर गम और गुस्से का माहौल है. लोग सिपाही की करतूत को लेकर पुलिस प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं.

आरोपी सिपाही गिरफ्तार, जांच जारी

हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र सिंह ने बताया कि प्राप्त साक्ष्यों और पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी सिपाही शेष कुमार पहली नजर में दोषी पाया गया है. उसे तत्काल निलंबित कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button