उत्तर प्रदेशभारत

दुईजी देवी से मिलते ही भावुक हुईं पूर्व IAS दिव्या मित्तल, गले लगकर रोने लगीं- Video

दुईजी देवी से मिलते ही भावुक हुईं पूर्व IAS दिव्या मित्तल, गले लगकर रोने लगीं- Video

राजनीतिक पार्टी बनाने के बाद पहली बार मिर्जापुर पहुंची थीं दिव्या मित्तल.

Mirzapur News: पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल अपनी पार्टी जननीति भारत पार्टी बनाने के ऐलान के बाद पहली बार मिर्जापुर के लहुरियादह गांव पहुंचीं. यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की. इस दौरान वह बुजुर्ग महिला दुईजी देवी से मिलकर भावुक हो गईं. दोनों की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दुईजी देवी ने पहले गांव में पानी की समस्या के समाधान के दौरान दिव्या मित्तल से स्कूल बनवाने की मांग की थी. अब स्कूल का निर्माण वन विभाग की आपत्ति के चलते रुक गया है.

पानी की समस्या बताने आई थीं

दरअसल, लहुरियादह गांव में लंबे समय से पानी की समस्या थी. ‘जल जीवन मिशन’ के तहत गांव में घर-घर नल से पानी पहुंचाने की व्यवस्था शुरू हुई थी. इसी दौरान जब दिव्या मित्तल गांव पहुंची थीं, तब दुईजी देवी ने उनसे मुलाकात की थी. बुजुर्ग महिला ने पानी की समस्या के बजाय गांव में स्कूल नहीं होने का मुद्दा उठाया था. दुईजी देवी का कहना था कि गांव में उच्च माध्यमिक विद्यालय नहीं होने के कारण बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है. ऐसे में गांव में स्कूल बनना जरूरी है, ताकि बच्चों को शिक्षा के लिए परेशानी न उठानी पड़े.

स्कूल का निर्माण शुरू हुआ, फिर वन विभाग ने रुकवाया काम

दुईजी देवी की मांग के बाद स्कूल का मुद्दा उठाया गया. कुछ दिन पहले दिव्या मित्तल ने भी एक वीडियो जारी कर इस समस्या को सामने रखा था. इसके बाद स्कूल का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन वन विभाग ने जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण पर रोक लगा दी. इसके बाद से स्कूल का काम रुका हुआ है.

दुईजी देवी गांव में स्कूल बनने की उम्मीद लगाए बैठी थीं. वह चाहती थीं कि दिव्या मित्तल दोबारा गांव आएं और उनकी मांग पर आगे की कार्यवाही हो. शुक्रवार को जब पूर्व IAS अधिकारी गांव पहुंचीं तो उन्होंने दुईजी देवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. बातचीत के दौरान दोनों भावुक हो गईं. इस मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

गड़बड़ा धाम में दर्शन के बाद गांव पहुंचीं दिव्या मित्तल

दिव्या मित्तल सबसे पहले गड़बड़ा धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने मां शीतला देवी के दर्शन-पूजन किए. इसके बाद वह हलिया ब्लॉक के लहुरियादह गांव पहुंचीं. रास्ते में कई जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया. गांव में उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं.

जनता की सुनवाई हो और उसी के हिसाब से बनें नीतियां

अपनी नई पार्टी को लेकर दिव्या मित्तल ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसा माहौल बनाना है, जहां देश के हर व्यक्ति की बात सुनी जाए. उन्होंने कहा कि नीतियां जनता की जरूरतों के हिसाब से बननी चाहिए. जहां जिस चीज की जरूरत है, वहां उसे मंजूरी मिलनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि इसमें जनता की सबसे बड़ी भूमिका है और जनता को जवाबदेही मिलनी चाहिए. दिव्या मित्तल के पार्टी गठन के ऐलान के बाद से मिर्जापुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. ऐसे में लहुरियादह गांव में उनकी यह यात्रा और दुईजी देवी से मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है.

जय प्रकाश सिंह

जय प्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 18 वर्षों का अनुभव है. उनकी शुरुआत 2008 में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से दिल्ली में CNEB से हुई. यहां काम के दौरान वो न्यूज डिपार्टमेंट के साथ ही टेक्निकली भी एक्टिव रहे. 2014 से मिर्जापुर जनपद में रिपोर्टिंग के क्षेत्र में एक्टिव हैं. उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. वो समाचार प्लस, एपीएन और ईटीवी भारत में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button