भारत

Zubeen Garg Death: एक महीने बाद भी नहीं सुलझी मौत की गुत्थी, पत्नी ने दिया बड़ा बयान


असम के जाने-माने गायक और गीतकार जुबिन गर्ग की मृत्यु के एक महीना बीतने पर रविवार (19 अक्टूबर, 2025) को उनके परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. गायक की मौत के एक महीने बाद भी उनकी मौत की गुत्थी सुलझी नहीं है. जुबिन की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी.

जुबिन की पत्नी गरिमा ने कहा कि परिवार और राज्य के लोग यह जानना चाहते हैं कि उनके अंतिम क्षणों में क्या हुआ था. उन्होंने कानूनी व्यवस्था पर विश्वास जताया. गुवाहाटी के बाहरी इलाके सोनापुर में जुबिन के अंतिम संस्कार स्थल पर रविवार सुबह से ही सैकड़ों लोग अपने प्रिय गायक-संगीतकार को श्रद्धांजलि देने आ रहे हैं.

जुबिन मौत मामले में 7 लोग गिरफ्तार

जुबिन के प्रशंसक और दोस्त भी शहर के काहिलीपारा इलाके में स्थित उनके आवास और चिड़ियाघर मार्ग वाले इलाके में स्थित उनके स्टूडियो में पहुंचे. राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ​​का 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) जुबिन की मौत के मामले की जांच कर रहा है. इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

सिंगापुर पुलिस भी जांच कर रही है और असम के SIT अधिकारी अपनी जांच के तहत दक्षिण-पूर्व एशियाई देश जाने वाले हैं. जुबिन की मौत हुए एक महीना होने पर परिवार ने उनके स्टूडियो में वैदिक अनुष्ठान आयोजित किया, जिसमें उनके पिता, पत्नी, बहन और अन्य लोग शामिल हुए.

जुबिन के स्टूडियो में हुआ वैदिक अनुष्ठान

गरिमा ने स्टूडियो के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘यह स्टूडियो उन्हें बहुत प्रिय था. चूंकि शुरुआती अनुष्ठान हमारे निवास और जोरहाट में किए गए थे, इसलिए जुबिन की मौत के एक महीना पूरा होने पर हमने वैदिक अनुष्ठान यहां करने का फैसला किया.’

जुबिन की मौत की पुलिस जांच को लेकर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा, ‘हमें जांच पर भरोसा है. अगर अपनी कानून व्यवस्था पर नहीं तो हम किस पर भरोसा करें? जुबिन एक स्पष्टवादी व्यक्ति थे और हम स्पष्ट जांच चाहते हैं. हम सब शांति से इंतजार कर रहे हैं कि क्या हुआ था. असम के लोग यह जानने का इंतजार कर रहे हैं कि उनके अंतिम क्षणों में क्या हुआ था.’

सिंगर जियोकोंडा वेस्चेली भी श्रद्धांजलि में हुईं शामिल

इतालवी ओपेरा गायिका जियोकोंडा वेस्चेली भी जुबिन को श्रद्धांजलि देने गुवाहाटी पहुंचीं. जुबिन ने अपनी एक फिल्म के लिए वेस्चेली के साथ काम किया था. यह फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है. गरिमा के साथ मौजूद वेस्चेली ने कहा, ‘जुबिन दा कहते थे कि गरिमा उनकी शेरनी हैं, जो अच्छे और बुरे समय में उनके साथ खड़ी रहीं, वह सही थे.’ प्रशंसकों ने जुबिन को श्रद्धांजलि देने के लिए ‘जोई जुबिन’ और ‘जुबिन के लिए न्याय’ जैसे नारे लगाए.

ये भी पढ़ें:- PAK में सुरक्षित नहीं हिंदू, लापता मूक-बधिर नाबालिग लड़की ने कबूला इस्लाम, 7 बच्चों के बाप संग हुआ निकाह

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button