उत्तर प्रदेशभारत

‘तो फिर लाश ही मिलेगी…’, 39 दिन से लापता BJP नेता की बेटी को आई कॉल, मांगी 30 लाख की फिरौती

‘तो फिर लाश ही मिलेगी…’, 39 दिन से लापता BJP नेता की बेटी को आई कॉल, मांगी 30 लाख की फिरौती

बीजेपी नेता के लिए बेटी ने लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता ही सुरक्षित नहीं है. 39 दिनों से लापता बीजेपी नेता राम नारायण बाजपेई का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. इसी बीच बदमाशों ने राम नारायण बाजपेयी को बेटी को फोन कर 30 लाख की फिरौती मांगी है. धमकी दी है कि यह रकम नहीं देने पर राम नारायण की लाश घर भेज दी जाएगी. इस संबंध में राम नारायण के परिजनों ने पहले ही अमीनाबाद थाने में BNS की धारा 140(2) के तहत शिवम गुप्ता समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था.

जानकारी के मुताबिक लखनऊ के गणेशगंज स्थित ग्रेन मार्केट निवासी राम नारायण बाजपेई 39 दिनों से लापता हैं. परिवार का आरोप है कि करीब ढाई महीने पहले उनके पिता का अगवा करने के बाद पहले 25 लाख की फिरौती मांगी गई. वहीं अब फिरौती की रकम बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है. परिवार लगातार पुलिस और शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है, लेकिन अब तक बुजुर्ग की बरामदगी नहीं हो सकी है.

22 नवंबर को दर्ज हुई FIR

इस मामले में बुजुर्ग की बेटी आंचल बाजपेई पाठक की शिकायत पर अमीनाबाद थाने में 22 नवंबर 2026 को एफआईआर तो दर्ज हो गई, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है. आंचल के मुताबिक एफआईआर में शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और ड्राइवर नीतू कनौजिया के नाम भी शामिल हैं.

अलग-अलग लोगों से मांगी गई फिरौती

उन्होंने बताया कि 9005566415 नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर बदमाशों ने परिवार के लोगों से संपर्क किया. पहली बार 21 अक्टूबर को 5 हजार रुपये मांगे गए. फिर 2 नवंबर को अधिक रकम भेजने को कहा गया. ऐसा ना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. फिर 3 नवंबर को बुजुर्ग के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से दोपहर 2:46 बजे एक लाख रुपये, बेटी शुचि शुक्ला से दोपहर 3:42 बजे चार लाख रुपये और दामाद पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपये की मांग की गई.

होटल और गोंडा रेलवे स्टेशन का भी जिक्र

शिकायत में अयोध्या स्थित राम अंजनेय होटल का भी उल्लेख किया गया है. परिवार का आरोप है कि उनके पिता और शिवम गुप्ता को ड्राइवर नीतू कनौजिया होटल में छोड़कर गया था. बाद में पुलिस के वहां पहुंचने से पहले होटल संचालक ने इन लोगों को अपनी गाड़ी से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया. जहां से इन्हें दिल्ली ले जाया गया है. परिवार ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है.

मुख्यमंत्री तक पहुंचा मामला

परिवार का कहना है कि बेटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में शिकायत दे चुकी हैं. इसके अलावा बेटे और बेटी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर बुजुर्ग की सकुशल बरामदगी के लिए हस्तक्षेप की मांग की. परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति पर अपहरण का आरोप है, उसके घर का पता भी लगा लिया गया है. इसकी जानकारी पुलिस को दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button