उत्तर प्रदेशभारत

तमिलनाडु की ‘गोल्ड पॉलिटिक्स’ यूपी पहुंची, विजय के फॉर्मूले पर अखिलेश का दांव!

तमिलनाडु की ‘गोल्ड पॉलिटिक्स’ यूपी पहुंची, विजय के फॉर्मूले पर अखिलेश का दांव!

अखिलेश यादव और सीएम विजय.Image Credit source: tv9 हिंदी

भारतीय राजनीति में दक्षिण भारत की चुनावी शैली हमेशा से उत्तर भारत से कुछ अलग रही है. खासकर तमिलनाडु की राजनीति में लोकलुभावन घोषणाएं चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा रही हैं. मुफ्त या सस्ती कैंटीन से लेकर महिलाओं को साड़ी, शादी के समय सोना, घरेलू जरूरतों की चीजें और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े वादे तक, यहां चुनावी घोषणापत्र में मतदाताओं को सीधे आर्थिक लाभ देने वाले वादों की लंबी परंपरा रही है.

अब इसी दक्षिण भारतीय चुनावी मॉडल की झलक उत्तर प्रदेश की राजनीति में दिखाई देने लगी है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देने का ऐलान किया है. यह सिर्फ एक चुनावी वादा नहीं, बल्कि महिला और परिवार आधारित वोट बैंक को साधने की बड़ी राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

विजय के चुनावी फॉर्मूले से अखिलेश ने लिया आइडिया

तमिलनाडु में सुपरस्टार विजय की राजनीति में एंट्री और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के चुनावी वादों ने देशभर का ध्यान खींचा. विजय ने अपने चुनावी एजेंडे में परिवार और महिलाओं को केंद्र में रखते हुए कई आकर्षक घोषणाएं कीं. इनमें बच्चे के जन्म पर सोने की अंगूठी और बेटी की शादी पर 8 ग्राम सोना तथा सिल्क की साड़ी देने का वादा भी शामिल रहा. अब अखिलेश यादव ने यूपी में बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देने की घोषणा कर इसी तरह की राजनीतिक सोच को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है.

खास बात यह है कि अखिलेश यादव के चुनावी रणनीतिकार और घोषणापत्र तैयार करने की जिम्मेदारी संभाल रहे पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन ने इस विचार के पीछे दक्षिण भारत, खासकर विजय के चुनावी एजेंडे से प्रेरणा लेने की बात कही है.

10 ग्राम सोने से हर वर्ग के वोट बैंक पर नजर

उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देने का ऐलान अपने आप में बड़ा चुनावी संदेश है। इसका सीधा जुड़ाव महिलाओं, बेटियों और परिवारों से है. अखिलेश यादव इस घोषणा के जरिए हर वर्ग मतदाताओं के बीच अपनी पार्टी की अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

इसके अलावा महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने, महिला सुरक्षा और समाज के अलग-अलग वर्गों के लिए आर्थिक एवं सामाजिक लाभ से जुड़े कई अन्य वादे भी किए गए हैं. यानी सपा की रणनीति सिर्फ जातीय समीकरण और PDA की राजनीति तक सीमित नहीं है. अब पार्टी परिवार, महिला सम्मान और सीधे आर्थिक लाभ को भी अपने चुनावी एजेंडे का बड़ा हिस्सा बना रही है.

क्या यूपी में चलेगा दक्षिण भारत का चुनावी मॉडल?

तमिलनाडु की राजनीति में चुनावी घोषणाओं के जरिए परिवारों तक सीधे लाभ पहुंचाने की रणनीति लंबे समय से देखने को मिलती रही है. वहां सोना और साड़ी जैसे वादे सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक भावनाओं से जुड़कर चुनावी संदेश बनते हैं.

अखिलेश यादव अब इसी मॉडल को उत्तर प्रदेश में आजमाते दिखाई दे रहे हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि तमिलनाडु में जहां शादी के समय सोना देने का वादा चर्चा में रहा, वहीं यूपी में बेटी के जन्म के साथ ही 10 ग्राम सोना देने की घोषणा की गई है. 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की पारंपरिक चुनावी राजनीति से आगे बढ़कर दक्षिण भारत के लोकलुभावन चुनावी मॉडल को अपनाने की कोशिश कर रहे हैं.

2027 में कितना असरदार होगा अखिलेश का गोल्ड कार्ड?

यूपी में महिला मतदाता किसी भी राजनीतिक दल की जीत-हार में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं. बीजेपी पहले से ही महिला लाभार्थियों, उज्ज्वला, आवास, राशन और सुरक्षा जैसे मुद्दों के जरिए महिला वोट बैंक पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करती रही है. ऐसे में अखिलेश यादव का 10 ग्राम सोने का वादा सीधे इसी राजनीतिक मैदान में उतरने जैसा है.

हालांकि सवाल यह भी है कि इतने बड़े राज्य में ऐसी योजनाओं को लागू करने के लिए कितने बजट की जरूरत होगी? आर्थिक बोझ कितना होगा और क्या जनता इन वादों पर भरोसा करेगी? 2027 के चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि अखिलेश यादव का यह ‘गोल्ड कार्ड’ महिला मतदाताओं को कितना आकर्षित करता है.

क्या दक्षिण भारत का यह चुनावी फॉर्मूला उत्तर प्रदेश में भी सफल होगा या फिर यूपी की सियासत अपने पुराने जातीय और राजनीतिक समीकरणों के इर्द-गिर्द ही घूमती रहेगी?यूपी 2027 की चुनावी लड़ाई में अब दक्षिण भारत की चुनावी रणनीति की भी एंट्री हो गई है. सवाल सिर्फ 10 ग्राम सोने का नहीं है हर वर्ग वोट पर नज़र है, जिस पर कब्जे के लिए अब सियासी दल नए-नए प्रयोग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- दलित-मुस्लिम वोट से तय होगी यूपी की सत्ता? ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी ने बढ़ाई सपा, बसपा, भाजपा की चुनौती

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button