मनोरंजन

टॉम क्रूज को मिलेगा AFI लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड, जानें कब और कहां होगा इवेंट

हॉलीवुड के सुपरस्टार टॉम क्रूज को अमेरिकी फिल्म संस्थान (AFI) का 52वां लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जाएगा. ये सम्मान उन्हें सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है. अमेरिकी फिल्म संस्थान के ट्रस्टी बोर्ड ने हाल ही में इसकी अनाउंसमेंट की है.

टॉम क्रूज को 24 अप्रैल, 2027 को लॉस एंजिलिस के डॉल्बी थिएटर में आयोजित एक खास समारोह में ये अवॉर्ड दिया जाएगा. उन्होंने पांच दशक से भी ज्यादा लंबे करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है और दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है.

फिल्मों के प्रति जुनून के लिए हुई तारीफ

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी फिल्म संस्थान के ट्रस्टी बोर्ड की अध्यक्ष कैथलीन कैनेडी ने टॉम क्रूज की तारीफ करते हुए कहा, ‘टॉम क्रूज दुनियाभर में मशहूर हैं. एक एक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर वह अपने काम को पूरी मेहनत और लगन से करते हैं. मुझे सबसे अच्छी बात यह लगती है कि उन्हें फिल्मों पर पूरा भरोसा है और वह मानते हैं कि फिल्में लोगों को जोड़ने का काम करती हैं. फिल्मों के लिए उनका यही प्यार उन्हें दुनियाभर में अमेरिकी सिनेमा की पहचान बनाता है.’

पांच दशक से ज्यादा का है फिल्मी करियर

टॉम क्रूज हॉलीवुड के सबसे मशहूर एक्टर्स में से एक हैं. वो पिछले पांच दशक से भी ज्यादा समय से फिल्मों में काम कर रहे हैं. उन्होंने ‘टॉप गन’, ‘रेन मैन’, ‘ए फ्यू गुड मेन’, ‘जेरी मैग्वायर’, ‘माइनॉरिटी रिपोर्ट’, ‘द लास्ट समुराई’ और ‘मिशन: इम्पॉसिबल’ जैसी कई फिल्मों में काम किया है. इन फिल्मों ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई है.

ऑस्कर में भी मिल चुकी है पहचान

टॉम क्रूज को अपने काम के लिए कई बार ऑस्कर में नामांकन मिल चुका है. उन्हें ‘बॉर्न ऑन द फोर्थ ऑफ जुलाई’ और ‘जेरी मैग्वायर’ के लिए बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में नामांकन मिला था. वहीं, फिल्म ‘मैग्नोलिया’ के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर की कैटेगरी में जगह मिली थी. इसके अलावा, 2022 में फिल्म ‘टॉप गन: मेवरिक’ के निर्माता के तौर पर भी उन्हें बेस्ट फिल्म की कैटेगरी में ऑस्कर नामांकन मिला था.

2025 में मिला था मानद ऑस्कर

टॉम क्रूज को 2025 में एकेडमी के गवर्नर्स अवॉर्ड्स के दौरान मानद ऑस्कर से सम्मानित किया गया था. ये सम्मान सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया गया. उनसे पहले एडी मर्फी, निकोल किडमैन, जूली एंड्रयूज, डेंजल वॉशिंगटन और जॉर्ज क्लूनी जैसी हस्तियों को भी AFI लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड मिल चुका है.

फिल्म ‘डिगर’ को लेकर भी चर्चा में हैं टॉम क्रूज

टॉम क्रूज इन दिनों अपनी फिल्म ‘डिगर’ को लेकर भी चर्चा में हैं. इसका निर्देशन एलेजांद्रो गोंजालेज इनारितु ने किया है. फिल्म में टॉम डिगर रॉकवेल नाम के एक अमीर और सनकी तेल कारोबारी की भूमिका निभा रहे हैं. रिज अहमद, जॉन गुडमैन, सैंड्रा हुलर, माइकल स्टुहलबर्ग और जेसी प्लेमन्स जैसे एक्टर्स भी इस फिल्म का हिस्सा हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button